
अनुज गौतम/सागर: सागर लोकायुक्त पुलिस ने कृषि उपज मंडी बीना में बैठकर रिश्वत ले रहे सचिव और बाबू को रंगे हाथों पकड़ा है. लोकायुक्त की टीम ने मंडी के कर्मचारी नितिन रैकवार के पास से रिश्वत की राशि बरामद की है. आरोप है कि मंडी सचिव नवल सिंह रघुवंशी और सहायक ग्रेड 3 के कर्मचारी नितिन रैकवार के द्वारा 1686 क्विंटल गेहूं स्टॉक का सत्यापन करने के लिए 5 रुपये प्रति बोरे के एवज में 8430 रुपये मांगे गए थे.
लोकायुक्त ने जब कर्मचारी के हाथ धुलवाए तो केमिकल से रंगे नोट लेने की वजह से उसके हाथ गुलाबी हो गए. बाबू के द्वारा ली गई रिश्वत में मंडी सचिव की भी संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद दोनों को बराबर का भागीदार बनाते हुए भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7 के तहत यह कार्यवाही की गई है.
किसान ने की थी शिकायत
लोकायुक्त डीएसएपी राजेश खेड़े ने बताया कि 8 जून को लोकायुक्त में आरबी किसान केंद्र फर्म के कर्मचारी गोविंद बल्लभ पिता रातादत्त निवासी सिकुच जिला पिथौरागढ़ उत्तराखंड ने शिकायत की थी कि फर्म में स्टाक के सत्यापन के लिए मंडी सचिव व कर्मचारियों द्वारा रुपयों की मांग की जा रही है. शिकायत के बाद जब इसकी जांच की गई, तो मामला सही पाया गया. इसके बाद 12 जून को डीएसपी सहित निरीक्षक बीएम द्विवेदी, निरीक्षक रंजीत सिंह, प्रधान आरक्षक शफीक खान, अजय, आरक्षक आशुतोष, संतोष, विक्रम सिंह मंडी पहुंचे थे और फार्म के मैनेजर गोविंद को केमिकल लगाकर नोट दिए थे.
रुपये के बिना नहीं कर रहे थे सत्यापन
फर्म की सेल्स मैनेजमेंट प्रभारी वीणा शर्मा ने बताया कि मंडी सचिव व कर्मचारी रुपये नहीं देने पर लंबे समय से स्टॉक का सत्यापन नहीं कर रहे थे. जब गेहूं का सत्यापन करने के लिए कहा गया तो कर्मचारी ने रुपये नहीं देने तक सत्यापन नहीं करने की बात कही, तब लोकायुक्त में शिकायत की थी, इसके बाद यह कार्रवाई की गई है.
.
Tags: Bribe news, Local18, Mp news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 17:16 IST






