Cyclone Biparjoy: 30 हजार लोग शिफ्ट, 5 मौतें और 95 ट्रेनें कैंसिल… बिपरजॉय की तबाही से पहले अलर्ट पर सरकार, जानें खास बातें

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

गुजरात के तटीय जिलों से अब तक 30 हजार लोगों को शेल्टर होम भेजा गया.
रेलवे ने बिपरजॉय के खतरे को देखते हुए 95 ट्रेनों को रद्द कर दिया है.

राजकोट. चक्रवात तूफान बिपरजॉय का खतरा बढ़ता ही जा रहा है, जिसके चलते गुजरात में राज्य सरकार लोगों को सुरक्षित रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में राज्य सरकार द्वारा मंगलवार तक 30,000 से अधिक लोगों को शेल्टर होम भेज दिया गया. क्योंकि बिपरजॉय के खतरे की आशंका को देखते हुए  कई सरकारी एजेंसियों ने गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ के तटीय जिलों पर बड़ा अलर्ट जारी किया हुआ है. आशंका जताई जा रही है कि जखाऊ में गुरुवार की शाम 125-135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

अब तक कुल 5 लोगों की मौत
जैसे-जैसे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय गुजरात के तटीय जिलों की तरफ बढ़ रहा है. वैसे-वैसे मौतों की संख्या भी बढ़ती जा रही है. मंगलवार को दो मौतें होने के बाद अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा, पूर्वानुमान के अनुरूप, चक्रवात अब “बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान” से कमजोर हो गया है, लेकिन राज्य में प्रवेश करने पर “व्यापक क्षति हो सकती है.” आईएमडी प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने कहा कि चक्रवात से कच्छ, देवभूमि द्वारका, जामनगर और पोरबंदर में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा (20 सेमी से अधिक) हो सकती है.

यह भी पढ़ेंः Cyclone Biparjoy Update: गुजरात के 3 जिलों में बाढ़ का खतरा, 145 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, NDRF के साथ सेना मैदान में उतरी

सबसे अधिक कच्छ जिले से लोगों को शेल्टर होम भेजा गया है
राज्य के राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने कहा कि विस्थापितों में से अधिकांश कच्छ में 14,088, देवभूमि द्वारका में 5,000, राजकोट में 4,000, मोरबी में 2,000, जामनगर में 1,500 से अधिक, पोरबंदर में 550 और जूनागढ़ जिले में 500 थे. इनमें करीब 284 गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं. कच्छ प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि स्थिति को देखते हुए समुद्र तट के 5 से 10 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले 7,278 और लोगों को बुधवार को स्थानांतरित किया जाएगा. सात तालुकों के 120 गांवों में 12 जून को निकासी शुरू हुई थी.

95 ट्रेनें हुईं रद्द
पश्चिम रेलवे ने एक बयान में कहा कि गुजरात के बिपरजोय प्रभावित क्षेत्रों से चलने वाली, वहां से जाने वाली या समाप्त होने वाली लगभग 95 ट्रेनें 15 जून तक रद्द या शॉर्ट-टर्मिनेटेड रहेंगी. इससे पहले, सोमवार को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्रा ने कहा, ‘हम चक्रवात ‘बिपरजॉय’ की लगातार निगरानी कर रहे हैं. हमने अपने मुख्यालय में एक आपदा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है और भुज, गांधीदम, पोरबंदर और ओखा में एडीआरएम भी तैनात किए हैं.’

आईएमडी: चक्रवात से नुकसान की संभावना व्यापक हो सकती है
चक्रवात के “बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान” के रूप में लैंडफॉल करने की उम्मीद है. महापात्रा ने कहा, “नुकसान की संभावना व्यापक हो सकती है. छह मीटर तक की ऊंचाई तक पहुंचने वाली ज्वार की लहरें सौराष्ट्र और कच्छ के निचले इलाकों को डूबा सकती हैं.” आईएमडी ने गिर राष्ट्रीय उद्यान और अन्य प्रसिद्ध स्थानों जैसे सोमनाथ मंदिर में भी कड़ी निगरानी की सिफारिश की है.

Tags: Cyclone Biparjoy, Gujarat

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें