मिर्जापुर में उगाई जाएगी इटालियन स्ट्रॉबेरी, खेती से किसान होंगे मालामाल! जानिए तरीका


मंगला तिवारी/मिर्जापुर: सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके फलस्वरूप भारत के किसान भी अब खेती को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं. अब पारंपरिक खेती की जगह पर किसान नई-नई और उन्नत किस्म के फसलों की खेती की तरफ रुझान बढ़ा रहे हैं. इसी में से एक फसल है स्ट्रॉबेरी, जो इस समय किसानों के लिए मुनाफे का सौदा साबित हो रही है.

इसी क्रम में मिर्जापुर में स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू कर दी गई है. देखते ही देखते यह जनपद स्ट्रॉबेरी की सप्लाई का बड़ा हब बन गया है. इस वर्ष इटली से स्ट्रॉबेरी के मदर प्लांट मंगाए गए हैं, जो किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे. बता दें, मिर्जापुर जनपद में 50 से ज्यादा की संख्या में किसान स्ट्रॉबेरी की खेती करते हैं. स्ट्रॉबेरी की खेती से जिले के किसानों में खुशहाली आई है.

इटली से मंगाया गया है 2600 मदर प्लांट
स्ट्रॉबेरी की खेती सितंबर व अक्टूबर महीने में की जाती है. उद्यान विभाग के द्वारा मिर्जापुर जनपद में इटली से 2600 स्ट्रॉबेरी के मदर प्लांट मंगाए गए हैं, जो किसानों को 12 रुपये प्रति पौधे की दर से दिया जाएगा. इटैलियन स्ट्रॉबेरी में लगने वाले फलों का आकार बड़ा और अपेक्षाकृत मीठा होता है. सामान्यतया, स्ट्रॉबेरी की खेती में एक बीघे में लगभग दो लाख रुपये की लागत आती है. किसानों को एक बीघे की खेती से लगभग 4 से 5 लाख रुपए तक का मुनाफा होता है. लेकिन इटैलियन स्ट्रॉबेरी की खेती से किसानों को लगभग 7 से 8 लाख रुपए तक का फायदा होगा. खास बात यह है कि इटैलियन स्ट्रॉबेरी की बाजार में काफी डिमांड भी रहता है.

किसानों को होगा फायदा
जिला उद्यान अधिकारी मेवाराम ने बताया कि इटली से स्ट्रॉबेरी के मदर प्लांट को मंगाया गया है. इसकी दो वैरायटी मोरोनो और नवेला जनपद में आ गई है. इटैलियन स्ट्रॉबेरी के मदर प्लांट से पौधे किसान अपने खेतों में तैयार कर सकेंगे. एक मदर प्लांट की कीमत 50 रुपये है, जिससे 20 पौधे तैयार होंगे. बताया कि किसानों को एक पौधे की कीमत 12 रुपये पड़ेगी, जिससे एक प्लांट से किसानों को 190 रुपये की बचत होगी. बताया कि इटैलियन स्ट्रॉबेरी देखने में सुंदर और मीठा होता है. यह खेती खुले में या फिर पाली हाउस दोनों जगह कर सकते हैं. कम समय में पौधे फल देने शुरू कर देते हैं.

Tags: Local18, Mirzapur news, Money18, Up news in hindi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More