
नई दिल्ली. जुबिन नौटियाल आज किसी पहचान के मोहताज नहीं है. जुबिन की जादुई आवाज के चलते देश- विदेश में उनके लाखों चाहने वाले हैं. कई सुपरहिट गाने दे चुके जुबिन नौटियाल आज 14 जून को अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं. देहरादून में जन्में जुबिन ने महज 4 साल की उम्र से गाना शुरू कर दिया था. इस सिंगर ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि एआर रहमान संग एक मुलाकात ने उनकी जिंदगी बदल दी.
दरअसल ईटाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में जुबिन ने बताया था कि उन्हें आज भी याद है कि किस तरह सालों पहले ‘द मोजार्ट ऑफ मद्रास’ एआर रहमान ने उनके करियर को आकार दिया था. सिंगर ने आगे कहा था कि उस दौरान वह एक म्यूजिक टीचर की तलाश में थे. 2008 में उन्हें एआर रहमान से मिलने का मौका मिला था और जुबिन की आवाज से प्रभावित होकर रहमान साहब ने उन्हें रियाज करने की सलाह दी थी. जुबिन का मानना है कि इस एक मुलाकात ने उनके करियर को एक नई दिशा दी. तो आइए, आज जुबिन के बर्थडे पर उनके बेहतरीन गानों का लुत्फ उठाते हैं-
‘जादुई’-
इसी साल होली के मौके पर रिलीज हुई रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘तू झूठी मैं मक्कार’ का गाना ‘जादुई’ काफी पॉपुलर हुआ. जुबिन की आवाज में ये गाना किसी के भी दिल को पिघला सकता है.
‘बना शराबी’-
विक्की कौशल और कियारा आडवाणी पर फिल्माया गया ‘बना शराबी’ ने भी फैंस का दिल जीत लिया था. फिल्म ‘गोविंदा नाम मेरा’ के इस गाने को खूब पसंद किया गया था.
‘काबिल हूं’-
2016 में रिलीज हुई ऋतिक रोशन और यामी गौतम की फिल्म ‘काबिल’ के टाइटल ट्रैक ‘काबिल हूं’ को जुबिन नौटियाल ने ही आवाज दी है. ये गाना सालों बाद भी फैंस का फेवरेट बना हुआ है.
‘जिंदगी कुछ तो बता’ –
2015 में आई सलमान खान और करीना कपूर की फिल्म ‘बजरंगी भाईजान’ के गाने आज भी लोगों के जुबां पर चढ़े हुए हैं. जुबिन ने ‘जिंदगी कुछ तो बता’ गाने में अपनी जादुई आवाज से फैंस को मदहोश कर दिया था.
‘अख लड़ जावे’-
रोमांटिक गानों की बात हो या फिर डांस सॉन्ग की, जुबिन नौटियाल का जादू हर जगह कायम है. ‘लवयात्री’ का गाना ‘अख लड़ जावे’ सुनते ही पैर अपने आप थिरकने लग जाते हैं.
.
Tags: Entertainment news., Jubin Nautiyal Songs, Singer Jubin Nautiyal
FIRST PUBLISHED : June 14, 2023, 03:30 IST






