Water Crisis : गांव में जब आया जल संकट तो ग्रामीण हुए एकजुट, श्रमदान से किया कुंए का जीर्णोद्धार


सिद्धांत राज/मुंगेर: जिला के हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र के रतैठा पंचयात के वार्ड संख्या-10 के लोग भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं. बजरंग चौक तेघड़ा में भी भीषण जल संकट से ग्रामीण जूझ रहे हैं. इस जल संकट के बीच ग्रामीणों ने सामुहिक रूप से श्रमदान कर कुंए की खुदाई कर जल की तलाश में जुटे हैं.

बता दें कि मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड के रतैठा पंचायत के तेघड़ा में भीषण गर्मी के चलते जल संकट उत्पन्न हो गया है. नल-जल योजना का लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है. नल-जल के लिए पाइप तो बिछाया गया लेकिन उसमें न तो टोंटी लग सका और न हीं लोगों को एक बूंद पानी मिला. वहीं चापाकल और कुंआ भी जल स्तर नीचे चले जाने से सूख गया है. विभागीय स्तर पर भी कोई कदम नहीं उठाया गया.

सूचना देने के बाद भी ग्रामीणों की समस्या का नहीं हुआ समाधान
तेघड़ा के लोगों को पानी के लिए लगातार भटकना पड़ रहा था. लोग पानी के लिए तरस रहे थे. वहीं इसकी सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधि और पीएचईडी विभाग के अधिकारी और कर्मियों को कई बार दी गई, लेकिन आजतक कोई करवाई नहीं हुई. इसके बाद लोगों ने श्रमदान देकर कुंए की खुदाई में खुद जुट गए हैं.

ग्रामीणों की शिकायत पर एक-दो बार टैंकर से पानी तो भेजा गया लेकिन लोगों का प्यास नहीं बुझा सका. दो दिन के बाद से टैंकर का पानी भी आना बंद हो गया. लोग किसी तरह पानी का इंजाम कर रहे थे, लेकिन उससे लोगों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही थी. इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बजरंग चौक स्थित सामुदायिक भवन के समीप स्थित कुंए की सफाई करने का निर्णय लिया.

ग्रामीणों ने श्रमदान से कुंए का किया जीर्णोद्धार
तेघड़ा के ग्रामीणों ने सामुहिक प्रयास और सभी के श्रमदान से कुंए की साफ-सफाई शुरू की. पानी का लेवल आने तक लोगों ने कुंए की मिट्‌टी की खुदाई की, ताकि ग्रामीणों को जल संकट से थोड़ी राहत मिल सके. ग्रामीणों का श्रमदान रंग लाया. कुंए में पानी एकत्रित होना शुरू हो गया है. हालांकि लोग कुंए का पानी साफ होने का इंतजार कर रहे हैं. इस कुंए लोग अपनी पानी की जरूरतों को पूरा करेंगे. गौरतलब है कि कई सालों से यह सामुदायिक कुंआ गंदा पड़ा हुआ था. लेकिन, ग्रामीणों को जब पानी की जरूरत महसूस हुई और सरकार ने भी कोई मदद नहीं किया तो सभी ने मिलकर इस कुएं का जीर्णोद्धार किया.

Tags: Bihar News in hindi, Munger news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More