
छपरा. बिहार में चूहे हमेशा से चर्चा में रहे हैं. बात चाहे शराब गटकने की हो या फिर बांध गिराने की बदनाम चूहे ही हुए हैं. एक बार फिर से ये चूहे सुर्खियों में हैं वो भी ट्रेन रोकने को लेकर. अब आप भी सोच में होंगे कि आखिर चूहे ट्रेन कैसे रोक सकते हैं, तो जरा पूरा माजरा समझिये क्योंकि चूहों के कारण ट्रेन को काफी देर तक रुकना पड़ा. अफवाह तो यह भी उड़ी की ट्रेन में आग लग गई और आनन-फानन में लोग ट्रेन से उतरकर भागने लगे.
मामला छपरा के दाउदपुर रेलवे स्टेशन के पास का है जहां दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार सम्पर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन में उस वक्त यात्रियों में हड़कंप मच गया जब कुछ लोगों ने एक बोगी के नीचे आग लग जाने की अफवाह फैला दी. बताया जा रहा है कि अप लाइन में बिहार सम्पर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन लाइन क्लियर मिलने के बाद छपरा जंक्शन से प्रस्थान कर दोपहर में करीब एक से डेढ़ बजे के बीच कोपा-समहौता व दाउदपुर स्टेशन के मध्य बनवार ढ़ाला को पार कर रही थी. तभी कुछ लोगों ने एक स्लीपर बोगी के नीचे से निकली चिंगारी को देखकर आग लगने की बात कहकर शोर मचाना शुरू दिया.
इसके बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में भय उत्पन्न के कारण भगदड़ मच गई और वो शोर मचाने लगे, जिसके बाद अनहोनी की आशंका को देखकर ट्रेन चालक ने सोनिया ढ़ाला के समीप ब्रेक लगा दिया. ट्रेन के रुकते ही यात्री उतरकर कुछ दूर भाग खड़े हुए. उसके बाद ट्रेन चालक, गार्ड व रेल पुलिस के जवानों ने उतरकर जांच-पड़ताल की तो सब कुछ सही सलामत पाया गया. दरअसल बोगी में एक चूहा घुस गया था जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हो गया था और उसी के धुएं से आग लगने की अफवाह फैल गई.
रेल कर्मियों की संतुष्टि के बाद बाद यात्री पुनः ट्रेन पर सवार हुए. करीब 20 मिनट तक रुकने के बाद बिहार सम्पर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आगे सिवान होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना हो गई. इस बीच डाउन वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस दाउदपुर स्टेशन पर 5 मिनट खड़ी रही.
.
Tags: Bihar News
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 22:46 IST






