
अनूप पासवान/कोरबा: घर के सामने खेल-खेल में डेढ़ वर्षीय बालक ने चूहे के बिल में हाथ डाल दिया. इस बिल में घुसे जहरीले सर्प ने मासूम को डस लिया. परिजन उसे लेकर मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने मासूम को परीक्षण उपरांत मृत घोषित कर दिया. मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई की है.
उरगा थाना अंतर्गत ग्राम ढोंढ़ातराई में श्रीराम पटेल परिवार सहित निवास करता है. शनिवार की शाम श्रीराम का डेढ़ वर्षीय पुत्र प्रियांश अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था. उसने खेल-खेल में घर के सामने बने चूहे के बिल में हाथ डाल दिया. इस दौरान बिल में घुसे बिलिया करैत प्रजाति के सर्प ने मासूम की उंगली को डस लिया. घटना की जानकारी परिजनों को तब हुई, जब वह मासूम के रोने की आवाज सुनकर बाहर निकले. उन्होंने बच्चों से पूछताछ की तो बिल में हाथ डालने की जानकारी मिली.
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
परिजनों ने प्रियांश की उंगली को देखा तो दांत के निशान साफ दिखाई दे रहे थे. पहले तो वे चूहे के काटने की बात समझ रहे थे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद मासूम की हालत बिगड़ने लगी. परिजन मासूम को आनन फानन में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत मासूम को मृत घोषित कर दिया. उसके शव को अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया था. अस्पताल पुलिस ने सुबह मेमो मिलने पर वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.
.
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 19:37 IST






