
गाजियाबाद. शहर में ई-व्हीकल चलाने वालों के लिए अच्छी खबर है. अगर आप घर ई व्हीकल को चार्ज करना भूल गए हैं तो चिंता की बात नहीं है. शहर में भी आप अपना व्हीकल चार्ज कर सकते हैं. गाजियाबाद नगर निगम शहर में तमाम स्थानों पर ई व्हीकल चार्ज करने के लिए प्वाइंट बनाने जा रहा है, जहां लोग सुविधा अनुसार वाहन चार्ज कर सकेंगे.
गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर में 20 स्थानों पर स्मार्ट ई-व्हीकल मल्टी यूज चार्जिंग प्वाइंट बनाने के लिए जमीन तलाशने का कार्य शुरू हो गया है. इसके लिए नगर निगम के प्रॉपर्टी विभाग की ओर से एक टीम का गठन किया गया है. टीम ने अब सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है. सर्वे के लिए तहसील विभाग की भी मदद ली जा रही है. सर्वे के दौरान पूरे महानगर एरिया में 20 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन के लिए जगह चिन्हित की जाएगी. जहां ई- व्हीकल चार्ज करने के लिए स्टेशन बनाने का कार्य किया जाएगा.
ई-चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए हाल ही में नगर निगम प्रशासन को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पत्र लिखा गया था. नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के अनुसार पूरे शहर में 20 चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे. इन्हें बनाने के लिए नगर निगम केवल जमीन देगा. बाकी चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए राज्य सरकार अपने स्तर पर करेगी. दरअसल शहर में तमाम ई-व्हीकल चल रहे है. कई बार इनके चार्ज करने के लिए समस्या पैदा होती है. चार्जिंग की इसी समस्या को दूर करने के लिए अब कोशिश चल रही है. इसके साथ ही सरकार के इस प्रयास से ई व्हीकल को बढ़ावा भी मिलेगा.






