
शाश्वत सिंह/ झांसी. भारत को आजाद हुए 75 वर्ष हो चुके हैं. वहीं, देश अमृत काल में चल रहा है, लेकिन आज भी यूपी के एक गांव में बिजली नहीं पहुंच पाई है. आजादी के इतने साल बाद भी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बड़ागांव ग्राम पंचायत के कोरियन पुरा मोहल्ला में बिजली नहीं है. गांव के लोगों ने कई पीढ़ियों से बिजली नहीं देखी है और इस वजह से उन्हें कई समस्याओं का भी सामना करना पड़ता है.
गांव में रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग के मुताबिक, उन्हें याद नहीं कि गांव में कभी बिजली आई भी हो. उनके पिता के जमाने में भी बिजली नहीं थी और आज भी नहीं है. एक युवक ने बताया कि 8 साल पहले गांव में खंबे लगा दिए गए थे और तार बिछा दी गई थी, लेकिन बिजली का कनेक्शन आज भी नहीं पहुंचा है. एक महिला ने बताया कि बिजली न होने की वजह से बच्चे पढ़ाई नहीं कर पाते हैं. पानी भी नहीं मिलता है. इसके साथ एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि उनका गांव बिजली पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से भी दूर है.
अगर बिजली नहीं मिली तो होगा आंदोलन
बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के लिए इस गांव के लोग लंबे समय से जद्दोजहद कर रहे हैं. गांव के लोगों ने एक पंचायत बुलाकर यह घोषणा कर दी कि अगर गांव में बिजली नहीं पहुंची तो गांव के लोग आंदोलन करेंगे. किसान नेता शिवनारायण परिहार ने कहा कि आजादी के अमृत काल में भी कोरियन मोहल्ला गांव के लोगों को अभावों के बीच जीवन जीना पड़ रहा है. अगर लोगों को बिजली नहीं मिली तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 12:00 IST






