
भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित सतपुड़ा भवन में सोमवार साम को भीषण आग लग गई थी. प्रदेश के बड़े प्रशासनिक भवन से घटना के 15 घंटे बाद भी धुआं निकलता देखा गया है. इससे अगलगी की भीषणता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है. इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आग लगने की वजहों का पता लगाने और अन्य पहलुओं की जांच के लिए 4 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है. बता दें कि प्रशासनिक भवन होने के चलते सतपुड़ा भवन में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे, जिनके आग में स्वाहा होने की आशंका है. भोपाल के कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि आग को बुझाने में आर्मी और CISF के जवानों की मदद ली गई. उन्होंने बताया कि सतपुड़ा भवन में लगी आग की भीषणता को देखते हुए मौके पर फायर टेंडर की 30 से 40 वाहनों का इस्तेमाल किया गया.
भोपाल स्थित सतपुड़ा भवन में आग लगने की घटना को शिवराज सरकार ने गंभीरता से लिया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की वजहों का पता लगाने के लिए 4 सदस्यीय कमेटी गठित करने की घोषणा की है. कमेटी में एसीएस (होम) राजेश राजौड़ा, शहरी विभाग के प्रधान सचिव नीरज मंडोली, पीडब्ल्यूडी विभाग के प्रधान सचिव सुखबीर सिंह और एडीजी (फायर) को शामिल किया गया है. यह कमेटी सीधे सीएम को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी. सतपुड़ा भवन में आग लगने की घटना पर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है. विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने शिवराज सरकार पर इसको लेकर हमला बोला है.
(इनपुट: ANI)






