
शिवम सिंह/भागलपुर. तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) ने बीसीए सेमेस्टर फोर की परीक्षा खत्म होते ही उसी दिन शाम में रिजल्ट प्रकाशित कर इतिहास रचा है. जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) डॉ. दीपक कुमार दिनकर ने बताया कि टीएमबीयू के कुलपति प्रो. जवाहर लाल के निर्देश पर कई लंबित परीक्षाएं पूरी कर ली गई हैं. साथ ही, समय पर परीक्षाफल भी प्रकाशित किए जा रहे हैं. छात्र हित को देखते हुए और राजभवन के निर्देश पर सत्र को रेगुलर करने के लिए सभी स्तर पर ठोस प्रयास किए जा रहे हैं.
कुलपति प्रो. जवाहर लाल ने कहा कि बीसीए सेमेस्टर चार, सत्र 2020-2023 की अंतिम परीक्षा सोमवार को समाप्त हुई, और उसी दिन परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी कर विश्वविद्यालय ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है. तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के इतिहास में संभवतः यह पहली बार हुआ है.
इसी रफ्तार से परीक्षाओं का होगा आयोजन, परिणाम भी जारी
उन्होंने कहा कि आगे भी इसी रफ्तार से परीक्षाओं का आयोजन और परिणाम जारी किए जाएंगे. उनका प्रयास है कि सभी लंबित परीक्षाएं जल्द पूरी हो जाएं, ताकि टीएमबीयू का सत्र नियमित रहे. उन्होंने इस पहल और तत्परता के लिए परीक्षा नियंत्रक सहित एग्जाम सेक्शन के कर्मियों को बधाई दी है. वीसी प्रो. लाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में वित्तीय परामर्शी (एफए) के नहीं रहने के बावजूद भी बेहतर करने की हर संभव कोशिश की जा रही है. सीमित संसाधनों में भी वो समय पर परीक्षाओं का संचालन और परिणाम जारी करने की दिशा में तत्पर और कृत्संकल्पित हैं.
संबंधित कॉलेजों को टीआर भी करवाया गया उपलब्ध
परीक्षा नियंत्रक डॉ. आनंद कुमार झा ने कहा कि कुलपति के निर्देश पर बीसीए का रिजल्ट जारी करने के पश्चात संबंधित कॉलेज को टीआर उपलब्ध करा दिया गया है. उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी सेंटर ऑफ बायोइनफोर्मेटिक्स, टीएनबी कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज, एसएम कॉलेज, महादेव सिंह कॉलेज और जीबी कॉलेज नवगछिया का बीसीए का रिजल्ट जारी हुआ है. बीसीए सेमेस्टर फोर की परीक्षा में करीब 300 परीक्षार्थी शामिल हुए थे. परीक्षा विभाग कुलपति के निर्देश पर पूरे मनोयोग के साथ परीक्षाओं का आयोजन करने में जुटा हुआ है. समय पर रिजल्ट भी जारी करने को लेकर सतत प्रयत्नशील है.
.
Tags: Bhagalpur news, Bihar News in hindi, Education news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 13, 2023, 07:34 IST






