
इटली. इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी का सोमवार को 86 साल की उम्र में निधन हो गया. बर्लुस्कोनी 1994 से 1995, 2001 से 2006 और 2008 से 2011 के दौरान 4 बार इटली के प्रधानमंत्री रह चुके थे. वह पिछले कुछ सालों से कई बीमारियों से ग्रसित थे, जिनमें ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) भी शामिल था. पिछले कुछ समय से उनके फेफड़ों का भी इलाज चल रहा था. कुछ दिन पहले ही उन्हें सैन रैफेल अस्पताल में छह सप्ताह भर्ती रहने के बाद छुट्टी मिली थी. हालांकि, उन्हें डिस्चार्ज होने के 3 हफ्ते बाद ही फिर से हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा. डॉक्टर की एक टीम के अनुसार, बर्लुस्कोनी एक दुर्लभ रक्त कैंसर ल्यूकेमिया से पीड़ित थे.
कई बिमारियों से थे ग्रसित
सिल्वियो बर्लुस्कोनी के प्रवक्ता ने एएफपी से बात करते हुए बताया कि बर्लुस्कोनी के निधन के बाद उनके बच्चे और परिजन अस्पताल में उन्हें अलविदा कहने पहुंचे हैं. मालूम हो कि 2016 में दिल की सर्जरी से लेकर 2020 में कोविड-19 के लिए अस्पताल में भर्ती होने तक, बर्लुस्कोनी वर्षों से बीमार थे. पिछले साल निर्वाचित होने के बाद भी उन्हें सार्वजनिक रूप से बहुत कम देखा गया था. हालांकि वह अपने दक्षिणपंथी फोर्ज़ा इटालिया पार्टी के आधिकारिक प्रमुख बने रहे और प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी की गठबंधन सरकार के सहायक भी रहे हैं.
नेताओं ने दी श्रंद्धाजलि
इटली की मौजूदा पीएम मेलोनी ने ट्विटर पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में कहा कि, ‘बर्लुस्कोनी सबसे बढ़कर एक योद्धा थे. वह एक ऐसे व्यक्ति थे जो अपने विश्वासों की रक्षा करने से डरते नहीं थे, और यह निश्चित रूप से साहस और दृढ़ संकल्प था जिसने उन्हें इटली के इतिहास में सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक बना दिया.’ उनके गठबंधन पार्टी के अन्य नेता माटेओ साल्विनी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘मैंने आज एक अच्छे दोस्त को खो दिया, आज इटली ने एक महान नेता को खो दिया.’
प्यार और नफरत दोनों मिला
पूर्व प्रधानमंत्री माटेओ रेन्ज़ी ने कहा, ‘उन्होंने इतिहास रचा, भले ही वह विवादस्पद रहे थे.’ उन्होंने आगे कहा, ‘कई लोग उनसे प्यार करते थे, कई उनसे नफरत करते थे: आज हर किसी को यह स्वीकार करना चाहिए कि राजनीतिक, आर्थिक, खेल और टेलीविजन जीवन पर उनका प्रभाव अभूतपूर्व था.’ वहीं, केंद्रीय लेफ्ट विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता एली श्लेन ने कहा कि बर्लुस्कोनी की मृत्यु “एक युग के अंत का प्रतीक है”.
रियल स्टेट से पारी की शुरुआत
टेलीविजन में इन्वेस्ट करने से पहले बर्लुस्कोनी ने रियल स्टेट से अपने कैरियर की शुरआत की. वे एफसी मिलान के 1986 से 2017 तक प्रेसिडेंट भी रहे थे. उसके कार्यकाल में उनकी क्लब ने कुल 29 ट्रॉफियां जीतीं. क्लब ने बर्लुस्कोनी को श्रंद्धाजलि देते हुए लिखा है, ‘सिल्वियो बर्लुस्कोनी के निधन पर शोक से उबर रहे हैं, और थैंक्यू मि. प्रेसिडेंट. आप हमेसा हमारे साथ रहें.’
.
Tags: Italy, World news, World news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 18:06 IST






