
नई दिल्ली. UPSC Prelims result 2023: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा सोमवार को घोषित सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2023 के परिणामों में 14,600 से अधिक अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है. सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 का आयोजन गत 28 मई को किया गया था. सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2023 के सफल उम्मीदवारों के क्रमांक, रजिस्ट्रेशन नंबर और नाम की सूची यूपीएससी की वेबसाइट पर डाली गयी है जिसके अनुसार 14,624 उम्मीदवार प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं. मुख्य परीक्षा 15 सितंबर 2023 को होगी.
यूपीएससी ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इन उम्मीदवारों की उम्मीदवारी अनंतिम है. परीक्षा की नियमावली के अनुसार, इन सभी उम्मीदवारों को सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2023 के लिए विस्तृत आवेदन प्रपत्र-आई (डीएएफ – आई) में पुनः आवेदन करना होगा. डीएएफ-आई को भरने और जमा करने की तारीखों और इससे संबंधित महत्वपूर्ण अनुदेशों की घोषणा, आयोग की वेबसाइट के माध्यम से यथासमय की जाएगी.
कब आएंगे कटऑफ अंक
यूपीएससी ने कहा है कि, ‘‘उम्मीदवारों को यह भी सूचित किया जाता है कि सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा, 2023 के अंक, कटऑफ अंक और आंसर की, सिविल सेवा परीक्षा, 2023 की संपूर्ण प्रक्रिया पूरी होने पर अर्थात अंतिम परिणाम की घोषणा के बाद ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे.’’ विज्ञप्ति के अनुसार यहां संघ लोक सेवा आयोग के धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड स्थित परिसर में परीक्षा हॉल भवन के पास उसका एक सुविधा केन्द्र है. उम्मीदवार, उपर्युक्त परीक्षा के संबंध में अपने परिणाम के बारे में कोई भी जानकारी/स्पष्टीकरण इस सुविधा केन्द्र से व्यक्तिगत रूप से या फोन से प्राप्त कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें –
MPPSC Result: एक ही शहर से निकले एमपीपीएससी के 2 टॉपर, किसान पिता का सपना पूरा करने किया कठिन परिश्रम
SSC Exam Calendar: एसएससी में आने वाली हैं कई बड़ी भर्तियां, देखें एग्जाम कैलेंडर
11 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी हुए थे शामिल
यूपीएससी सिविल सेवा 2023 के जरिए आईएएस, आईपीएस, इंडियन रेवन्यू सर्विस (IRS), इंडियन फॉरेन सर्विस (IFS) जैसी सेवाओं में ग्रुप ए और बी लेवल 1105 रिक्त पदों पर भर्तियां होंगी. बता दें कि यूपीएससी प्रीलिम्स परीक्षा में करीब 11.50 लाख एस्पिरेंट्स शामिल हुए थे. मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू की डेट घोषित की जाएगी.
.
Tags: UPSC, Upsc exam, Upsc result
FIRST PUBLISHED : June 12, 2023, 18:14 IST






