
भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी में सचिवालय के सामने सरकारी सतपुड़ा भवन में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे लगी आग भीषण होकर छठी मंजिल तक जा पहुंची है. सोमवार रात तक भोपाल और आसपास से बुलाई गईं दमकलें जब आग पर काबू नहीं पा सकीं तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को घटना की जानकारी देते हुए मदद की मांग की है. ऐसा बताया जा रहा है कि रात में ही एयरफोर्स के हेलिकाप्टरों की मदद से आग पर काबू पाया जा सकेगा.
घटना के बारे में ऐसी आशंका जताई जा रही है कि यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और एसी के कंप्रेसर में ब्लास्ट के बाद फैली. मुख्यमंत्री ने इस घटना की जांच के लिए 4 सदस्यीय कमेटी बनाई है. जानकारी के अनुसार सतपुड़ा भवन में करीब 30-35 एसी कंप्रेसर में ब्लास्ट हुए और आग लगातार फैलती चली गई. इस भवन में सरकारी के कई विभागों के दफ्तर, संचालनालय और कार्यालय हैं. इनमें रखी गईं फाइले, पुराने दस्तावेज, रिकॉर्ड आदि जलकर राख हो गए हैं.
#WATCH मध्य प्रदेश: भोपाल के सतपुड़ा भवन में दमकल द्वारा आग को बुझाने की कोशिश की जा रही है। pic.twitter.com/L6qasjuDE3
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 12, 2023
भोपाल एयरपोर्ट रात भर खुला रहेगा
रक्षा मंत्री के निर्देश पर सोमवार रात को AN 32 विमान और MI 15 हेलीकाप्टर भोपाल पहुचेंगे. AN 52 और MI 15 बकेट के द्वारा सतपुड़ा भवन में ऊपर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करेंगे; भोपाल एयरपोर्ट रात भर खुला रहेगा.






