
शिखा श्रेया/रांची. रांची से पटना के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का इंतजार लोग बेसब्री से कर रहे थे. लेकिन अब इंतजार खत्म हो चुका है. क्योंकि 12 जून को दोपहर 1:00 बजे झारखंड की राजधानी रांची के रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन आ जाएगी. हालांकि यह पटना और रांची के बीच एक ट्रायल रन होगा. ट्रायल रन के बाद पटना से रांची के बीच वंदे भारत कब से चलेगी, इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी.
रेलवे की तरफ से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, पटना से रांची के मध्य कल दिनांक 12 जून को गया और बरकाकाना के रास्ते अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल रन किया जाएगा. यह ट्रेन पटना जंक्शन से सुबह 6:55 बजे खुलकर 8:20 बजे गया पहुंचेगी. यहां 10 मिनट रुकने के बाद 8:30 बजे यह ट्रेन प्रस्थान कर दोपहर के 1:00 बजे रांची पहुंचेगी. वापसी में रांची से पटना के लिए यह ट्रेन रांची से दोपहर 2:20 बजे खुलकर देर शाम 7:00 बजे गया पहुंचेगी और यहां से 7:10 बजे खुलकर रात 8:25 बजे पटना पहुंचेगी.
वंदे भारत का यह ट्रायल रन नियमित परिचालन के पूर्व संरक्षा जांच आदि के लिए पूर्णतया परिचालनिक/प्रायोगिक उद्देश्य से किया जाएगा. 12 जून को पटना और रांची के मध्य प्रस्तावित वंदे भारत के ट्रायल रन के दौरान ट्रेन में आम यात्रियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी.
अप एवं डाउन दिशा में इसका परिचालन जहानाबाद, गया, बरकाकाना, कोडरमा, हजारीबाग टाउन और मेसरा के रास्ते किया जाएगा. ट्रायल रन के दौरान इस ट्रेन का परिचालन तीव्र गति से किया जाएगा. इसलिए रेल प्रशासन द्वारा यह अपील की जाती है कि आमलोग रेलवे ट्रैक से उचित दूरी बनाकर रखें. साथ ही मवेशियों को भी रेलवे ट्रैक से दूर रखें.
.
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 16:03 IST






