
कासिम खान/नूंह: नूंह की गिनती हरियाणा के पिछड़े जिलों में की जाती है. प्रदेश ही नहीं बल्कि नीति आयोग की पिछड़े जिलों की सूची में भी हरियाणा का एकमात्र नूंह जिला शामिल है. शैक्षणिक, आर्थिक एवं विकास की दृष्टि से नूंह बेशक पिछड़ा है, लेकिन हरियाणा के इसी पिछड़े जिले में एशिया का सबसे बड़ा गोल्फ कोर्स है. जहां अधिकतर खिलाड़ी, नामचीन उद्यमी, सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोग पहुंचते हैं.
नूंह में आईटीसी क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब सराय एवं कोटा गांव की करीब 300 एकड़ भूमि में एशिया का नामचीन गोल्फ कोर्स है. 1997 में इस गोल्फ कोर्स को बनाया गया था. नूंह में बने इस गोल्फ कोर्स की गिनती एशिया के सबसे बेहतरीन गोल्फ कोर्स में की जाती है. यहां हरियाली के साथ सभी प्रकार की सुविधाएं हैं. क्लब, रेस्टोरेंट्स, चेंजिंग रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, योगा रूम के अलावा तमाम विश्व स्तरीय सुविधाएं यहां मिलेंगी.
एक साथ 300-400 खिलाड़ी खेल सकते हैं
यही वजह है कि यहां बड़ी संख्या में देश व दुनिया भर के जाने-माने लोग गोल्फ खेलने के लिए आते रहते हैं. वहीं गोल्फ मैदान में एक साथ 350- 400 खिलाड़ी खेल सकते हैं. मैदान में 27 हॉल का गोल्फ कोर्स है. गोल्फ कोर्स मैदान में नियमित गोल्फ खेलने वाले सदस्य 35-40 फीसदी कोरियन व जापानी हैं. इस मैदान में कई इंटरनेशनल गोल्फ प्रतियोगिताओं का आयोजन होता रहा है.
धोनी और रिकी पोंटिंग भी आ चुके
क्रिकेटर कपिल देव, ज्योति रंधावा, अशोक कुमार, खलीन जोशी, समीम खान, अर्जुन अटवाल, मुरली कार्तिक, महेंद्र सिंह धोनी, रिकी पोंटिंग सहित देश और दुनिया भर के जाने-माने गोल्फर इस मैदान में दो-दो हाथ करने के लिए अक्सर आते रहते हैं. यह क्लब दिल्ली और गुड़गांव के बेहद नजदीक है, जहां आसानी से पहुंचा जा सकता है. वीआईपी और राजनेताओं के लिए होटल प्रांगण में हेलीपैड भी है.
.
Tags: Haryana news, Indian golfer, Local18, Nuh News
FIRST PUBLISHED : June 11, 2023, 17:28 IST






