
रूपेश कुमार भगत/गुमला. झारखंड के गुमला में पशु तस्करी रैकेट का पर्दाफाश हुआ है. कुरूमगढ़ थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जिले के चैनपुर प्रखंड के अति नक्सल प्रभावित रोघाडीह जंगल के समीप से 200 गोवंशीय पशुओं को मुक्त कराया है. पुलिस ने पशुओं को हांक कर ले जा रहे 10 पशु तस्करों को भी गिरफ्तार किया किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक, कुरुमगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ से होते हुए बड़ी संख्या में पशुओं को तस्करी कर जंगलों के रास्ते गुमला जाया जा रहा है. इसके बाद, पुलिस ने तत्काल एक टीम का गठन किया और रोघाडीह के जंगल के समीप छापेमारी कर गौवंश को हांक कर ले जा रहे 10 तस्करों को गिरफ्तार किया. पुलिस के द्वारा लगभग 200 पशुओं को मुक्त करा कर कुरुमगढ़ थाना लाया गया. पुलिस पकड़े गये पशु तस्करों से पूछताछ कर रही है.
गिरफ्तार पशु तस्करों में कैश खान (22 वर्ष), मनीष तिर्की (24 वर्ष), रहमत अली (29 वर्ष), नीरज मिंज (20 वर्ष), मो. इनाम खान (24 वर्ष), महफूज अंसारी (32 वर्ष), फिरोज खान (32 वर्ष), सिगल नागेसिया (19 वर्ष), जगदीश बफैक (45 वर्ष) व सुशील एक्का (48 वर्ष) शामिल है. पूछताछ में पशु तस्करों ने कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है. पुलिस इसके आधार पर कार्रवाई कर रही है.
कुरुमगढ़ थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि रोघाडीह जंगल के समीप कुछ लोग गोवंशीय पशुओं को मारते व हांकते हुए ले जा रहे हैं. इस पर छापेमारी करते हुए लगभग 200 गोवंशीय पशुओं को जब्त किया गया है. साथ ही, 10 तस्करों को खदेड़ कर पकड़ा गया है. उन्होंने बताया कि हाल के दिनों में गौतस्करों के खिलाफ तेजी से कार्रवाई की जा रही है. जब्त पशुओं को किसानों को सौंप दिया जाता है.
.
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 15:57 IST








