
उधव कृष्ण/पटना. सबसे ज्यादा आईएएस और आईपीएस बिहार से ही निकलते हैं. इसलिए अगर हम ये कहें कि बिहार में उद्यमिताकी कोई कमी नहीं है तो इस बात से किसी को एतराज नहीं होगा. इसी के साथ बिहार की मिट्टी में कला की भी कोई कमी नहीं है. कला के साथ-साथ जब भी जुगाड़ तकनीक की बात आती है, तो उसमें भी बिहार वासियों का नाम सबसे ऊपर रखा जाता है. आज इस खबर में हम एक ऐसे ही जुगाड़ की बात कर रहे हैं, जिसमें एक 16 वर्षीय किशोर ने अपनी कल्पना से महज कुछ हजार खर्च में एक इको फ्रेंडली जिम बना डाला.
मात्र 2500 के बजट में तैयार हो गया जिम
12 वीं के छात्र सोमनाथ बताते हैं कि वे और उनके दोस्तों ने मिलकर इस जिम को बनाया है. इसमें इको फ्रेंडली चीजों का इस्तेमाल किया गया है. इस जिम को बोरे से घेरा गया है और किनारों में फूलों और पेड़ों के पौधे भी लगाए गए हैं. सोमनाथ की माने तो इस जिम को बनाने में मात्र 2500 रुपए का खर्च आया है.
इस कारण बनाया गया है ये जिम
सोमनाथ बताते हैं कि वे और उनके दोस्त बिहार पुलिस में जाना चाहते हैं. इसी की फिजिकल की तैयारी हेतु इन्होंने ये जिम तैयार किया है. इस जिम कम अखाड़े में सोमनाथ व उनके दोस्तों के अलावा बाहर के लोग भी सुबह और शाम व्यायाम करने पहुंचते हैं.
सोशल मीडिया पर लोग कर रहे पसंद
फेसबुक व अन्य तरह के सोशल मीडिया पर इस अखाड़े की तस्वीरों और विडियोज को लोगों द्वारा खूब सराहा जा रहा है. कई लोग तो इन्हें इस तरह के इको फ्रेंडली अखाड़े को बनाने हेतु जमीन भी देने को तैयार हैं. हालांकि, सोमनाथ की माने तो अगर जमीन हो तो वे इस तरह के अखाड़े को बनाने में मदद कर सकते हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 20:54 IST








