
अनुज गौतम/सागर: मां की बीमारी की वजह से घर की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह कहीं बाहर रहकर पढ़ाई कर पाता या कोचिंग ले पाता. इसलिए उसने घर पर ही रहकर मेहनत, लगन, जुनून और समर्पण के साथ तैयारी की. यही वजह रही कि सागर के आयुष ने न केवल एमपीपीएससी की परीक्षा पास की बल्कि अच्छी रैंक भी हासिल की.
सागर के 26 साल के आयुष ने पहली बार में ही मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग 2020 की परीक्षा पास कर ली है. आयुष जैन का चयन डिप्टी कलेक्टर के पद के लिए किया गया है. उसने प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है. आयुष ने पूरी पढ़ाई घर पर रहकर सेल्फ स्टडी से की है.
खुशी के मारे कोई रातभर सोया नहीं
आयुष ने बताया कि पिता सरकारी नौकरी में हैं, लेकिन मां की बीमारी के कारण घर की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं है, इसलिए बाहर जाकर कोचिंग लेने का फैसला छोड़ दिया था. रिजल्ट आते ही मां आशा जैन मंदिर पहुंच गई और भगवान का आभार व्यक्त किया. कहा कि ईश्वर की कृपा से ही आज मेरा बेटा इस परीक्षा में सफल हो पाया है. रिजल्ट को सुनते ही हमारे परिवार को इतनी खुशी हुई कि रात में किसी को नींद नहीं आई.
बहन को भी भाई पर गर्व
मकरोनिया में रहने वाले भागचंद जैन बीज निगम में पदस्थ हैं. उनके 26 वर्षीय बेटे आयुष जैन ने स्कूल की परीक्षा जैन पब्लिक स्कूल और केंद्रीय विद्यालय ढाना से की थी इसके बाद यूनिवर्सिटी से बी-फार्मा किया. इसी दौरान अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई करते समय mppsc की तैयारी करते रहे. आयुष जैन बताते हैं कि बहन आयुषी जैन सागर मंडी में एएसआई हैं. बहन ने भी अपने भाई पर गर्व जताया, वे बोलीं कि आयुष शुरू से ही मेहनती है. उसने मन लगाकर पढ़ाई की है जिसकी वजह से यह सफलता हासिल हुई.
.
Tags: Local18, MPPSC, Sagar news, Success Story
FIRST PUBLISHED : June 10, 2023, 18:42 IST








