
सुनील रजक/शिवपुरी : आपने पर्यटकों को ऐतिहासिक इमारतें, सुंदर पार्क, धार्मिक नगरऔर पर्यटन स्थल देखने के लिए दूसरे शहरों का रुख करते देखा होगा, लेकिन यदि आपसे कोई कहे कि किसी शहर की सड़क को देखने के लिए बाहरी पर्यटक यहां पहुंचेंगे तो शायद विश्वास नहीं होगा, लेकिन यकीन कीजिए एमपी के इस शहर में ऐसा थीम रोड बनाया जा रहा है, जिसे देखने बाहरी जिलों से भी सैलानी पहुंचेंगे.
जी हां, केवड़िया गुजरात की तर्ज पर शिवपुरी की थीम रोड पर हो रहे सौंदर्यीकरण का काम जब पूरा हो जाएगा तो शहर ही नहीं, बाहर के लोग भी उसे देखने आएंगे. 13 किमी की थीम रोड पर 24 स्वागत द्वार बनाए जाएंगे, जो नियोन लाइट से जगमग होंगे. मेडिकल कॉलेज के सामने खाली पड़ी ट्राएंग्युलर जमीन पर डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक हरा-भरा गार्डन बनेगा, जिसमें नियोन लाइटिंग के जरिए पेड़-पौधे बनेंगे.
गौरतलब है कि शिवपुरी शहर के मध्य बनी थीम रोड के सौंदर्यीकरण का काम इन दिनों तेजी से चल रहा है. मेडिकल कॉलेज के सामने दो सड़कों के बीच गड्ढे को समतल करके इसे डिजिटल पार्क के लिए तैयार किया जा रहा है. यहां पर ऐसी लाइटें लगाई जाएंगी, जिनमें हरे-भरे छोटे- बड़े आकर्षक पेड़ नजर आएंगे. रात में यहां से गुजरने वाले लोगों को इस ट्रेंग्युलर एरिया में आकर्षक पार्क नजर आएगा. पार्क के बीच में राजमाता सिंधिया की प्रतिमा लगाई जाएगी.
हर लाइट पर होगा कुछ नया
थीम रोड के बीच में लगे बिजली के खंबों के दोनों ओर लटकी लाइटों के साथ हीवेलकम मुद्रा में हाथ जोड़ती युवतियों के चित्र, आकर्षक झूलती हुई लाइटिंग के अलावा वन्यजीवों के बदलते चित्र नज़र आएंगे. यानि थीम रोड के डिवाइडर पर लगने वाली लाइटें भी नए स्वरूप में नजर आएंगी.
थीम रोड की 13 किमी की दूरी के बीच में 24 स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं. सड़क के दोनों किनारों पर पाइपों के सहारे यह गेट बनाए जाएंगे जो पूरी सड़क के इस छोर से दूसरी छोर तक आकर्षक लाइटिंग के साथ टाइगर सहित अन्य वन्यजीव व फूल-पत्तियां नजर आएंगी.
बनेंगे पांच सेल्फी प्वाइंट
थीम रोड पर आकर्षक नजारे के बीच फोटो सेशन करने के लिए पांच सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे. जिनमें अमर शहीद तात्याटोपे व शिवपुरी के दर्शनीय स्थल लाइटिंग के साथ आकर्षक नजर आएंगे. थीम रोड के सौंदर्यीकरण को लेकर सीएम ने 8:30 करोड़ की राशि स्वीकृत की है.
कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य पूरे होने के बाद उसे देखने के लिए शिवपुरी ही नहीं बल्कि बाहर से भी लोग आएंगे. नगर पालिका सीएमओ केशव सगर ने कहा कि गुजरात के केवड़िया के बाद शिवपुरी देश का दूसरा शहर होगा जिसमें नियॉन लाइटिंग व डिजिटल गार्डन युक्त पार्क होगा 13 किलोमीटर की थीम रोड पहली होगी, जिसमें आकर्षक लाइटिंग के अलावा कई तरह के स्लोगन व चित्र बदलते रहेंगे.
.
Tags: Local18, Mp news, Shivpuri News
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 22:15 IST








