
संतोष कुमार गुप्ता/छपरा. सारण में साइबर क्राइम से जुड़े मामले लगातार बढ़ रहे हैं. ऐसे में अब सारण में भी साइबर थाना खोल दिया गया है. जिसमें सारण जिले के लोग साइबर क्राइम से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
पहले ऐसे मामलों को लेकर लोगों को केस दर्ज कराने में परेशानी होती थी, लेकिन आज सारण रेंज के डीआईजी विकास कुमार ने भगवान बाजार इलाके में साइबर थाना का उद्घाटन किया. जिसके बाद अब यहां साइबर क्राइम से जुड़े मामले दर्ज होंगे और इसका अनुसंधान भी यहीं से किया जाएगा. साइबर थाना के उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे. इस मौके पर लोगों के लिए जागरूकता अभियान की शुरुआत भी की गई.
इंस्पेक्टर स्तर से अधिकरी दर्ज कांडों का करेंगे अनुसंधान
डीआईजी विकास कुमार ने बताया कि छपरा के साथ सीवान और गोपालगंज जिले में थाना का शुभारंभ किया गया है. डीआईजी ने बताया कि साइबर थाने का थानाध्यक्ष डीएसपी बसंती टुडू को बनाया गया है. साइबर पुलिस थाने की अधिसूचना के अनुसार जिला के संपूर्ण भौगोलिक क्षेत्र इनके अधिकार में होगा.
ऑनलाइन इंटरनेट से संबंधित वित्तीय अपराध की शिकायत के अलावा महिलाओं के विरुद्ध ऑनलाइन इंटरनेट संबंधित शिकायत इस थाने में दर्ज होगी साइबर थाने में दर्ज कांडों का अनुसंधान इंस्पेक्टर स्तर के पदाधिकारी द्वारा किया जाएगा. जबकि जांच और पर्यवेक्षण डीएसपी करेंगे.
साइबर क्राइम से जुड़े मामलों को ऑनलाइन भी करा सकते हैं दर्ज
डीआईजी विकास कुमार ने साइबर थाने में शिकायत प्राप्त करने की प्रक्रियाओं के बारे में बताया कि साइबर अपराध के मामले में साइबर थाने के थानाध्यक्ष कानून की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज करने के लिए प्राधिकृत हैं. जिनके साथ साइबर फ्रॉड किया गया है, वह खुद जाकर या ऑनलाइन भी साइबर थाने में आवेदन देंगे और उनके आवेदन पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
आपको बता दें कि साइबर थाना खुलने से अब जिनके साथ इंटरनेट पर जालसाजी करने और धोखाधड़ी करने वालों से पीड़ित लोगों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा. अब वे सीधे थाने में पहुंचकर एफ आई आर दर्ज कराएंगे.
.
Tags: Bihar News in hindi, Crime News, Saran News
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 16:30 IST








