
धनबाद. धनबाद के झरिया कोयलांचल में बीसीसीएल (भारत कोकिंग कोल लि.) की एक कोयला खदान के धंस जाने से चोरी-छिपे कोयला निकाल रहे करीब डेढ़ दर्जन लोग दब गए. इनमें से तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि जबकि 14-15 लोग घायल हो गए. यह हादसा भौरा नामक जगह पर स्थित खदान में आज अहले सुबह हुआ. इस खदान में देवप्रभा नामक आउटसोर्सिंग कंपनी खनन करवाती है.
बताया जा रहा है कि यहां हर रोज बड़ी संख्या में लोग अवैध खनन करके कोयला निकालते हैं. शुक्रवार की सुबह खदान की चाल (छत) अचानक चाल धंस गई, तो चीख-पुकार मच गई. इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक अन्य व्यक्ति की बाद में मौत की खबर है. कोयले के मलबे के नीचे से आठ-दस लोग स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाले गए, इनमें से कुछ घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है. इधर हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर बीसीसीएल भौरा एरिया ऑफिस के सामने दोनों शवों को रखकर गेट जाम कर दिया और जमकर प्रदर्शन किया.
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सीआईएसएफ व स्थानीय पुलिस की मिलीभगत से तस्कर कोयले का अवैध उत्खनन करा रहे थे. मौके पर पहुंचे जोड़ापोखर थाना के इंस्पेक्टर विनोद उरांव ने बताया कि अवैध खनन में कई लोगों के दबे होने की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि अवैध खनन के मुहाने की भराई कराई जा रही है.
.
Tags: Dhanbad news, Jharkhand news
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 15:30 IST








