
हाइलाइट्स
IGI एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और नोएडा एयरपोर्ट के लिए मेट्रो कॉरिडोर तैयार होगा.
नोएडा एयरपोर्ट तक 72 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो संचालित होगी.
2 फेज में इस पूरे मेट्रो प्रोजेक्ट का काम पूरा होगा.
नई दिल्ली. नोएडा के जेवर में बन रहे एयरपोर्ट से नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पहुंचना बहुत मुश्किल नहीं होगा, क्योंकि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक मेट्रो को चलाने की तैयारी चल रही है. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को आईजीआई एयरपोर्ट और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से मेट्रो के जरिए कनेक्ट करने के लिए एक कॉरिडोर तैयार होगा. इस पर एक्सप्रेस मेट्रो का संचालन होगा.
दरअसल, उत्तर प्रदेश सरकार अब ग्रेटर नोएडा में बनने वाले जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच हाई-स्पीड मेट्रो लिंक (Airport Metro Link) के निर्माण में तेजी लाने की योजना बना रही है. कोशिश है कि अगले साल तक जेवर हवाईअड्डे शुरू होने से पहले इस कॉरिडोर पर मेट्रो का परिचालन शुरू कर दिया जाए.
घट सकती है स्टेशनों की संख्या
टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, इस मेट्रो प्रोजेक्ट की तैयारी के सिलसिले में यूपी के मुख्य सचिव डीएस मिश्रा की अध्यक्षता में लखनऊ में ही 14 जून को एक हाईलेवल मीटिंग होने वाली है. इसमें स्टेशनों की संख्या पर निर्णय लिए जाने की संभावना है. पहले पूरे कॉरिडोर पर 11 स्टेशन बनाने की योजना थी. इसमें नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नॉलेज पार्क II के बीच 7 स्टेशन और दूसरे सेक्शन में 4 स्टेशन बनाने की योजना है. फर्स्ट फेज के लिए डीपीआर सितंबर 2022 में अप्रूव हो गई थी. सेकंड फेज में 37 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन ग्रेटर नोएडा में नॉलेज पार्क II को नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगी.
अगले साल शुरू होगा जेवर एयरपोर्ट
जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का निर्माण कार्य जारी और अगले साल की शुरुआत में एयरपोर्ट पर ट्रायल शुरू हो जाएगा, जबकि अक्टूबर 2024 से कमर्शियल सर्विसेज शुरू होने की संभावना है. एक अनुमान के अनुसार, नोएडा एयरपोर्ट से सालाना 1 करोड़ बीस लाख लोग हवाई सफर करेंगे और ज्यादातर यात्री दिल्ली एनसीआर से आएंगे. इसलिए दिल्ली-एनसीआर से नोएडा एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी पर खास जोर है.
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से नोएडा एयरपोर्ट तक तकरीबन 70 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो संचालित होगी. मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि इस रूट के चालू होने पर इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नोएडा एयरपोर्ट 1 घंटे में पहुंचा जा सकता है. इस मेट्रो रूट की लंबाई करीब 70 किलोमीटर होगी.
.
Tags: Delhi Metro, Greater Noida Authority, IGI airport
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 20:52 IST








