
शिखा श्रेया/रांची. झारखंड वासी काफी लंबे से वंदे भारत ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब यह इंतजार खत्म होने को है. चेन्नई से बिहार की राजधानी पटना वंदे भारत ट्रेन आ चुकी है. इसका कुछ दिनों में पटना से रांची के बीच ट्रायल किया जाएगा और उसके बाद उद्घाटन की डेट तय की जाएगी. पटना से रांची चलने वाली यह वंदे भारत ट्रेन महज 6 घंटे के अंदर पटना से रांची का सफर तय करेगी.
पटना जंक्शन पर वंदे भारत ट्रेन पहुंचते ही ट्रेन के साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. आपको बता दें कि वंदे भारत ट्रेन पहली ट्रेन है जिसमें इंजन नहीं है बल्कि ड्राइवर के लिए भी कंपार्टमेंट है. कंपार्टमेंट में एसी की सुविधा है. अन्य ट्रेनों की तरह चिलचिलाती गर्मी में ड्राइवर को ट्रेन चलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इन रूटों से होकर चलेगी ट्रेन
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेन पटना से कोडरमा, हजारीबाग, बरकाकाना सिध्वार, सांकी और टाटी सिल्वे रूट पर दौड़ेगी. साथी यात्रियों को इस ट्रेन से सफर करने के लिए 800 से 1200 रुपये के बीच तक का किराया देना होगा. हालांकि अभी आधिकारिक तौर पर किराए की घोषणा नहीं की गई है.
फिलहाल पटना से रांची के बीच अन्य ट्रेन 8 से 10 घंटे का समय लेती हैं. जनशताब्दी सवा 7 घंटे में सफर तय करती है, जिसके लिए यात्रियों को एसी चेयरकार का 650 रुपये और जनरल क्लास के लिए 195 रुपये देना होता है. वंदे भारत केवल 6 घंटे में सफर तय करेगी. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एक-दो दिनों में ही परीक्षण के बाद पटना से रांची के बीच ट्रायल रन किया जाएगा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस
वंदे भारत ट्रेन की सुविधाओं की बात करें तो ट्रेन में ऑटोमेटिक स्लाइड डोर है. वहीं, पैसेंजर की सुविधा के लिए हर सीट के नीचे चार्जिंग प्वाइंट और इंटरटेनमेंट के लिए 32 इंच की टीवी स्क्रीन भी मौजूद है. कवच नाम का सेफ्टी फीचर लगा है जिससे किसी दूसरे ट्रेन की टक्कर से बचाता है. सीट को 180 डिग्री रोटेट किया जा सकता है.160 किलोमीटर तक की स्पीड पर दौड़ने वाली ट्रेन की टॉप स्पीड 180 किलोमीटर तक है.
.
FIRST PUBLISHED : June 09, 2023, 09:23 IST








