
नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Sharan Singh) के खिलाफ 15 जून तक आरोप पत्र दाखिल करने की प्रदर्शनकारी पहलवानों की मांग पर सहमति जताने के एक दिन बाद खेलमंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने कहा है कि सरकार पहलवानों को दिए हर आश्वासन पूरा करेगी. यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे बृजभूषण के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले पहलवानों ने खेलमंत्री के साथ छह घंटे चली बैठक में 15 जून तक एफआईआर पर आरोपपत्र दाखिल करने और 30 जून तक डब्ल्यूएफआई के चुनाव कराने की मांग की थी. इसके साथ ही तब तक उन्होंने प्रदर्शन स्थगित करने पर सहमति जताई थी.
ठाकुर ने यहां कर्णी सिंह निशानेबाजी रेंज पर मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की 100वीं बैठक के बाद पत्रकारों के पूछे जाने पर कहा ,‘हमने खिलाड़ियों को जो भी आश्वासन दिए हैं, हम पूरा करेंगे.’ 15 जून तक आरोप पत्र दाखिल हो जाएगा. उसके बाद जो भी फैसला लेना होगा, वह अदालत लेगी.’ बृजभूषण की गिरफ्तारी के सवाल पर उन्होंने कहा ,‘कानूनी प्रक्रिया का पालन होगा. आरोप पत्र दाखिल होने के बाद अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, उसके अनुसार कार्रवाई होगी.’
आखिर अपना प्रदर्शन खत्म करने को कैसे तैयार हो गए पहलवान? जानें सरकार ने कैसे किया राजी
चीन के हांगझाऊ में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए कुश्ती के चयन ट्रायल के सवाल पर उन्होंने कहा ,‘भारतीय ओलंपिक संघ की तदर्थ समिति कुश्ती का कामकाज देख रही है.’ उन्हें 30 जून से पहले चयन ट्रायल कराने का निर्देश है चूंकि हमें 15 जुलाई की समय सीमा तक दल का नाम भेजना है.’
.
Tags: Anurag thakur, Bajrang punia, BJP MP Brijbhushan Sharan Singh
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 18:36 IST








