
मो. सरफराज आलम/सहरसा. नेपाल में एक बार फिर बिहारियों का डंका बजा है. 2-3 जून को नेपाल में इंटरनेशनल डांस स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आयोजन किया गया. इस चैंपियनशिप में 6 देशों के प्रतिभागियों ने भाग लिया था. इंडिया से गए 54 कलाकारों में बिहार से 17 थे. इन सभी को पछाड़ते हुए सहरसा की रोहिणी सिंह ने नृत्य डांस में गोल्ड मेडल जीतकर जिले और अपने राज्य का नाम रोशन किया. रोहिणी ने पिछले माह भी मध्यप्रदेश में आयोजित डांस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था.
मां का मिलता रहा सपोर्ट
दरअसल, रोहिणी सिंह के इस मुकाम तक पहुंचने का सफर मुशकिलों भरा रहा है. रोहिणी के पिता का देहांत वर्ष 2009 में ही हो गया था. इसके बावजूद रोहिणी डांस के प्रति आकर्षित रहती थी. उस समय रोहिणी के घर में टीवी नहीं था. वह बगल की सहेली के घर जाकर डांस कॉम्पिटिशन का वीडियो देखा करती थी. इससे उसके मन में यह जिज्ञासा हुई कि उसे भी डांस कॉम्पिटिशन की तैयारी करनी चाहिए. फिर क्या था, उसने अपनी मां नैना सरकार से इसकी इजाजत ली और डांस की दुनिया में कदम रख दिया.
यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर सीखा डांस
रोहिणी बताती हैं कि वह यूट्यूब पर डांस का वीडियो देखकर सीखा करती थी. इसके बाद उसने एक डांस एकेडमी को ज्वाइन की. इसका नतीजा यह रहा कि वह आज गोल्ड मेडल जीतकर आई है. उसकी मां नैना सरकार एक कॉलेज प्रोफेसर हैं. वह बताती हैं कि बेटी जहां तक जाना चाहती है, उसके लिए पूरी मेहनत करे. उसे डांस शिक्षक नवीन सिंह का भी सहयोग मिला है.
.
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 17:47 IST








