
नई दिल्ली: पिछले कई दिनों से पहलवानों और केंद्र सरकार के बीच चल रही कुश्ती के मैच का नतीजा शायद टाइ पर खत्म हो सकता है. खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के बीच 6 घंटे तक चली लंबी बैठक से जो निकल कर आया है, वह कुछ ऐसा ही बताता है. इंडियन एक्सप्रेस की मानें तो सरकार की ओर से जो वादा किया गया है, जिसके तहत भारतीय रेसलिंग फेडरेशन में सफाई और सत्ता हस्तांतरण की बात की गई है.
इससे भी खास बात जो सामने आ रही है, वह यह है कि सरकार ने पहलवानों को आश्वासन दिया है कि आने वाले WFI चुनाव में बृजभूषण सिंह और उनके परिवार से किसी भी सदस्य को चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इसके साथ ही कौन अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष के प्रमुख पदों पर नियुक्त होगा इसमें, विरोध प्रदर्शन का केंद्र रहे तीनों पहलवान-बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विनेश फोगाट की राय भी ली जाएगी.
आपको बता दें कि सत्ताधारी भाजपा के सांसद बृजभूषण सिंह जो इस यौन उत्पीड़न मामले का केंद्र बिंदु हैं, उनके साथ उनके परिवार और करीबी पिछले एक दशक से WFI पर शासन कर रहे हैं.
महिला के नेतृत्व में बनेगी आंतरिक शिकायत समिति
बैठक के बाद अनुराग ठाकुर ने इस बदलाव को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि, WFI का चुनाव 30 जून तक किया जाना चाहिए, और फेडरेशन में महिला के नेतृत्व में एक आंतरिक शिकायत समिति का गठन किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद WFI को अच्छे पदाधिकारियों के साथ एक अच्छी फेडरेशन के तौर पर काम करना चाहिए और खिलाड़ियों की इस संबंध में राय ली जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें- 4 दिन के अंदर 2 बैठकें…सरकार ने पहलवानों को कुछ यूं मनाया, इन वादों पर बन गई बात!
बृजभूषण के परिवार के लिए दरवाजे बंद
फेडरेशन में 12 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद राष्ट्रीय खेल संहिता के मुताबिक बृजभूषण अगले कार्यकाल में पहले ही मैदान में नहीं थे. हालांकि बैठक के बाद अब सिंह के परिवार और करीबियों के लिए भी फेडरेशन के दरवाजे मजबूती से बंद कर दिए गए हैं.
बृजभूषण का परिवार और फेडरेशन
अप्रैल में जब सरकार ने कार्यकारी परिषद को भंग किया था उससे पहले तक बृजभूषण के बेटे करण भूषण WFI के उपाध्यक्ष थे, वहीं उनके दामाद विशाल सिंह बिहार कुश्ती संघ के अध्यक्ष, और WFI के संयुक्त सचिव आदित्य प्रताप सिंह थे जो बृजभूषण के दामाद हैं. अनुराग ठाकुर ने बैठक के बताया कि, पहलवानों की मांग थी कि तीन कार्यकाल पूरा कर चुके पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह और उनके करीबियों को नहीं चुना जाना चाहिए.
.
Tags: Anurag thakur, Bajrang poonia, Brij Bhushan Sharan Singh, Sakshi Malik, Vinesh phogat, Wfi, Wrestlers Protest
FIRST PUBLISHED : June 08, 2023, 15:30 IST








