Mira Road Murder Case: महिला थी अनाथ, 10 साल रहे साथ, श्रद्धा हत्याकांड से प्रेरित था मनोज , सरस्वती के ‘कातिल’ की पूरी कुंडली

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

येशा कोटक/मुंबई: मीरा रोड स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में हुए सनसनीखेज हत्याकांड मामले में पुलिस ने 56 वर्षीय मनोज साने को गिरफ्तार किया है. साने पर आरोप है कि उसने अपनी लिव-इन-पार्टनर सरस्वती वैद्य की हत्या कर, क्रूरता से उसके शव के टुकड़े-टुकड़े किए. अब इस हत्याकांड में नए विवरण सामने आए हैं. पुलिस के सूत्रों ने News18 को बताया कि पीड़िता सरस्वती वैद्य (36) एक अनाथ महिला थी और मुंबई के बोरीवली में एक अनाथालय में रहती थी. वह 10 साल पहले एक राशन की दुकान पर मनोज साने से मिली थी, तब साने भी बोरीवली में रहता था. तभी से दोनों संपर्क में थे.

पुलिस सूत्रों ने News18 को आगे बताया कि मनोज साने की राशन की दुकान थी, लेकिन वह 29 मई से बंद पड़ी है. वह काम पर नहीं जा रहा था. साने ने घरेलू हिंसा की घटनाओं को कबूल किया है और दावा किया है कि पीड़िता ने आत्महत्या की है. हालांकि, पुलिस ने उसके दावों का खंडन किया है और उसका मानना ​​है कि वह ‘श्रद्धा वॉकर हत्याकांड’ से प्रभावित था. पुलिस ने आईपीसी की धाराओं 302 (हत्या) और 201 (अपराध के साक्ष्य को मिटाना और गलत जानकारी देना) के तहत मनोज साने के खिलाफ मामला दर्ज किया है. सूत्रों ने कहा कि यह घटना 4 जून को हुई और आरोपी शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने की कोशिश में जुटा था.

एक पुलिस सूत्र ने News18 से कहा, ‘उसने टुकड़ों को काटकर अलग कर दिया था ताकि उसे फेंकना आसान हो. मनोज साने ने बाथरूम में शव के टुकड़े किए थे. किचन में भी टुकड़े मिले, जो उबाले गए थे.’ पुलिस अधिकारी पीड़िता के शरीर के सभी अंगों की तलाश करने की कोशिश कर रहे हैं और फिर इसे पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज देंगे. सूत्रों ने बताया कि अभी तक एक कटर और शरीर के कुछ टुकड़े बरामद किए गए हैं. एक पुलिस सूत्र ने कहा कि आवारा कुत्तों को शव के टुकड़े खिलाने की थ्योरी में कोई दम नहीं है. इससे पहले अपार्टमेंट के लोगों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने साने को पिछले दो से तीन दिनों में इलाके में आवारा कुत्तों को खाना खिलाते देखा गया था- कुछ ऐसा जो उसने पहले कभी नहीं किया था.

मुंबई के पुलिस उपायुक्त जयंत बजबाले के मुताबिक बुधवार शाम करीब 7 बजे नयानगर पुलिस थाने में अपार्टमेंट के निवासियों ने शिकायत की थी कि फ्लैट नंबर 704 से दुर्गंध आ रही है. पुलिस अपार्टमेंट पहुंची, तो मनोज साने ने दरवाजा खोला. उसने भागने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस सूत्रों ने कमरे के अंदर के दृश्य का जो वर्णन किया वह रूह कंपाने वाला है. कमरे के अंदर फर्श पर पेड़ काटने वाली आरी पड़ी हुई थी. बिस्तर पर काले रंग की प्लास्टिक शीट बिछी थी. फर्श पर खून बिखरा हुआ था और महिला के बाल पड़े थे. किचन में 3 बाल्टियों में शव के टुकड़े भरकर रखे हुए थे. इतनी दुर्गंध आ रही थी कि वहां खड़ा होना संभव नहीं था. कमरे में एयर फ्रेशनर की कई बोतलें रखी हुई थीं.

Tags: Crime News, Live in Relationship, Mumbai Crime News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें