
जयपुर. राजस्थान के अधिकांश जिलों में बीते कई दिनों से लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिला है. इसका सबसे ज्यादा असर दक्षिण पश्चिम राजस्थान में दिखाई दिया है. वहीं पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहने के कारण उसम ने लोगों को परेशान किया और गर्मी का सामना करना पड़ा है. दिनभर चली गर्म हवाओं के कारण तापमान में भी वृद्धि देखी गई है.
जयपुर समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उछाल देखने को मिला है. बीते दिन सुबह से बादल छाए रहने के साथ लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा है. बुधवार को करीब एक दर्जन जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया. वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है.
चूरू जिले में दर्ज हुआ अधिकतम तापमान
प्रदेश में चूरू जिले में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जो कि 42.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. वहीं राजधानी जयपुर में तापमान 38.8 डिग्री रहा. आसमान में बादल छाए रहने के कारण गर्मी जैसी स्थिति पैदा हुई, जिसके बाद लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ा. वहीं दिन के साथ रात को भी गर्म हवाओं का दौर जारी रहा जिससे तापमान में भी वृद्धि देखी गई है.
24 घंटे बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार हिमालय के तराई क्षेत्रों में बने मौसम तंत्र के कारण आंधी और बारिश की स्थिति बनने की उम्मीद है. जयपुर, जोधपुर, सीकर, अलवर, भरतपुर, झुंझुनू, टोंक, बाड़मेर समेत करीब 18 जिलों में तेज हवाओं के साथ आंधी तूफान और बारिश की संभावना जताई है.
यहां धूप ने सताया
प्रदेश में कई ऐसे जिले रहे जहां तेज धूप ने लोगों को जमकर सताया है. करौली जिले में नौतपा में सबसे कम गर्मी रही थी, लेकिन जून के पहले सप्ताह में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को जमकर परेशान किया. जिले का अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री दर्ज किया गया.








