
हिमांशु जोशी/पिथौरागढ़. जिले की बेरीनाग तहसील में नाबालिग लड़की का विवाह होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर जाकर शादी को रुकवाया. मामला बेरीनाग थाने का है, जहां पुलिस को 112 पर नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने की सूचना मिली. जिसके बाद दूल्हे की जगह दुल्हन के घर पुलिस जा पहुंची. दरअसल, दुल्हन नाबालिग है. जिसके चलते परिजनों को यह विवाह रोकना पड़ा.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बेरीनाग पुलिस को हेल्पलाइन नंबर 112 के जरिए यह सूचना प्राप्त हुई कि विकासखंड के एक गांव में नाबालिग लड़की का विवाह हो रहा है. जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव के लिए रवाना हुई. निरीक्षक ने बताया कि दुल्हन के घर में बारातियों के स्वागत की तैयारी चल रही थी. उन्होंने जब दुल्हन के जन्म प्रमाण पत्र की जांच की, तो उसकी उम्र 18 वर्ष से कम मिली.
वर पक्ष को इस मामले की सूचना मिलते ही उनमें भी हड़कंप मच गया और वह बारात लेकर दुल्हन के घर नहीं पहुंचे. बाद में पुलिस ने दुल्हन पक्ष के साथ ही दूल्हे पक्ष से संपर्क कर दोनों परिवारों की काउंसलिंग की और उन्हें बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की जानकारी दी. दोनों परिवारों ने अपनी गलती मानते हुए लड़की के बालिग होने पर यह विवाह करने की बात पुलिस से कही.
ऐसी ही एक और घटना घटी थी
गौरतलब है कि यह सामाजिक जागरूकता का ही परिणाम है कि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में लड़कियों की कम उम्र में शादी का चलन अब पहले के मुकाबले कम हुआ है. हाल ही में पिथौरागढ़ जिले के एक दूरस्थ गांव में एक नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही थी. बारात उत्तर प्रदेश से आने वाली थी. पुलिस को इस विवाह की सूचना मिली और फौरन एक टीम लड़की के घर पहुंची. दस्तावेजों की जांच करने पर दुल्हन नाबालिग पाई गई. जिसके बाद पुलिस ने वर पक्ष को इसकी जानकारी दी और बारात आधे रास्ते से ही लौट गई. लड़की के पिता को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने पुलिस से बेटी के बालिग होने और उसके पढ़ाई पूरी करने के बाद ही विवाह करने का वादा किया.
.
Tags: Marriage news, Pithoragarh hindi news, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 21:20 IST








