
हरिकांत शर्मा/आगरा. साल 2013 में अक्षय कुमार की स्पेशल 26 मूवी शायद आप सभी ने देखी होगी. इस मूवी में अक्षय कुमार फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर रेड डालते थे. यह तो रही मूवी की बात, लेकिन आगरा देहात में शातिर अपराधियों ने ठीक स्पेशल 26 की तरह ही प्लान बनाया और लोगों के दुकानों घरों में खूब रेड डाली.
अपराधियों ने स्पेशल 26 मूवी देखकर टीम बनाई और स्पेशल 26 मूवी की तर्ज पर ही फ़र्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर थाना सैया क्षेत्र में लोगों के घरों दफ्तरों और दुकानों पर रेड डालते थे. रेड रोकने के बदले में मोटी रकम वसूलते थे. कई महीनों से यह खेल चल रहा था. लेकिन बकरे की अम्मा कब तक खैर मनाती. आखिरकार आगरा पुलिस ने इस शातिर गैंग को धर दबोचा.
7 लोगों को पकड़ा
आगरा सैया पुलिस ने 7 शातिर अपराधियों को पकड़ा है. पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ लोग देहात के इलाकों में फर्जी इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर लोगों के प्रतिष्ठानों व दुकानों पर रेड डालते हैं. सूचना पाकर पुलिस ने भी सतर्कता दिखाते हुए 7 सदस्यों के गैंग को धर दबोचा हैं. इनके पास से लैपटॉप ,8 मोबाइल फोन, फर्जी आई कार्ड, आधार कार्ड, डेबिट कार्ड ,बरामद किये हैं.
सूचना पर पुलिस ने लिया एक्शन
डीसीपी सूरज राय ने बताया कि पुलिस को सूत्रों के द्वारा सूचना मिली थी कि सैया देहात क्षेत्र में कुछ इनकम टैक्स ऑफिसर सक्रिय हैं. जो कि बिल्कुल फर्जी थे. लोगों के प्रतिष्ठानों दुकानों होटलों पर इनकम टैक्स ऑफिसर बनकर रेड डालते थे. रेड रोकने के एवज में तगड़ी रकम वसूलते थे. पुलिस ने सूचना पर एक्शन लेते ही मौके पर 7 शातिर अपराधियों को सैयां तेहरा फ्लाईओवर के पास धर दबोचा हैं. सातों पेशेवर अपराधी दिल्ली के रहने वाले हैं. फिलहाल बाकी के पहलुओं पर जांच कर रही है.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 17:07 IST








