
कृष्ण बाली/अंबाला: बच्चे देश का भविष्य हैं, आने वाले कल में देश की दिशा और दशा उन्हीं को तय करनी है…ऐसे में उनको काबिल बनाने की जिम्मेदारी आज पर है. अच्छी शिक्षा न सिर्फ उन्हें इस काबिल बनाएगी, बल्कि उनके जीवन को एक नया लक्ष्य भी देगी. इसी कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी के खास कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम से बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावक भी काफ़ी प्रेरित हुए.
कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी की ओर से अंबाला के कुछ छात्रों को प्रशंसापत्र भी भेजे गए हैं. स्कूलों को भेजे गए पत्रों में केंद्रीय विद्यालय के बच्चे भी शामिल हैं. परीक्षा पे चर्चा 2023 कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्ताक्षर हुए इन पत्रों को देखकर एक ओर जहां छात्र उत्साहित हैं, वहीं स्कूल के प्राचार्य भी खुश हैं. स्कूल प्राचार्य राजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम बहुत ही महत्वपूर्ण है.
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बहुत से छात्रों ने कविताओं, निबंध, स्लोगन आदि के रूप में अपनी अभिव्यक्ति दर्ज की थी, जिनमें से 20 छात्रों को प्रधानमंत्री मोदी से उत्साहवर्धन के पत्र मिले हैं. यह स्कूल के लिए गर्व की बात है. इससे स्कूल के अध्यापकों और छात्रों का उत्साह बढ़ा है. साथ ही छात्रों को अपने व्यक्तिगत संकल्पों को विकसित करने की भी प्रेरणा मिली है.
बच्चों ने कहा- सीखने को मिला
वहीं प्रशंसापत्र मिलने से छात्रों में भी भारी उत्साह है. बच्चों ने बताया कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम से काफी प्रभावित हैं. साथ ही इस संदर्भ में विद्यालय में अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित हुई थी, जिसमें बहुत कुछ सीखने और जानने को मिला. प्रधानमंत्री ने हमें परीक्षा के दौरान काफी प्रेरित किया. इस उत्साहवर्धन पत्र को पाकर बच्चों के साथ अभिभावक भी बहुत गौरवान्वित हैं.
.
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 14:33 IST








