
हाइलाइट्स
बाड़मेर में रेतीले बवंडर से चारों ओर छाया अंधेरा
बालोतरा उपखंड में तेज बारिश से इलाके में भरा पानी
विद्युत पोल धराशाई होने से विद्युत सप्लाई चरमराई
बाड़मेर. राजस्थान के अधिकांश जिलों में बीती शाम मौसम में बदलाव के बाद रेतीले बवंडर और धूल भरी आंधी ने लोगों को खासा परेशान किया. अचानक आए इस रेतीले बवंडर ने देखते ही देखते पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके चलते चारों तरफ अंधेरा छा गया. दरअसल, प्रदेश भर के साथ सरहदी जिले बाड़मेर में भी पिछले कई दिनों से लगातार मौसम पल-पल बदल रहा है. दिन में भीषण गर्मी व शाम को ग्रामीण इलाकों में हो रही बारिश व ओलावृष्टि से लोग परेशान हैं.
बीती शाम को अचानक जैसलमेर की तरफ से आए रेतीले बवंडर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और बाड़मेर शहर में रेतीला बवंडर प्रवेश होते हीं अंधेरा छा गया और शहर की सड़कों पर चल रहे वाहनों के पहिए थम गए. वाहन चालक द्वारा वाहनों की लाइट जलाने के बाद भी कुछ भी उनको आगे सड़कों पर नजर नहीं आया. आसमान में छाई रेत की गर्द के कारण पैदल चलने वाले लोगों को श्वास लेने में भी भारी तकलीफ हुई. रेतीले बवंडर से चंद मिनटों में उनका हुलिया भी बदल गया.
आपके शहर से (जयपुर)
जैसलमेर की ओर से आया बवंडर
जैसलमेर की तरफ से आए इस रेतीले बवंडर ने बाड़मेर शहर को अपने आगोश में ले लिया और देखते ही देखते पूरे शहर में अंधेरा छा गया. जिसके बाद लोगों के घरों में धूल मिट्टी जमा हो गई. करीब आधे घंटे बाद रेतीला बवंडर चौहटन व गुड़ामालानी की तरफ बढ़ा तब जाकर लोगो ने राहत की सांस ली, लेकिन इसके बाद भी जिले में आंधी व तेज हवाओं का दौर लगातार जारी रहा.
तापमान में गिरावट, इलाके में भरा पानी
तेज आंधी व रेतीले बवंडर के बाद जिले के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई हैं. वही तेज आंधी के बाद जिले के बालोतरा उपखंड में तेज बारिश से पूरे इलाके में पानी भर गया, जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. वहीं हाईवे पर वाहनों के आवागमन में खासी परेशानी देखने को मिली. तूफानी बारिश से कई जगह विद्युत पोल धराशाई हो गए तो वहीं कई पेड़ जमींदोज हो गए, जिससे जिले भर के अंदर विद्युत सप्लाई चरमरा गई. विद्युत सप्लाई को शुरू करने के लिए विद्युत विभाग की कई टीमें काम कर रही है.
.
Tags: Barmer news, Rajasthan news, Sandstorm, Weather Update
FIRST PUBLISHED : June 07, 2023, 07:54 IST








