
अशोक कुमार शर्मा/श्रीगंगानगर. राजस्थान के श्रीगंगानगर में सोमवार को लेडी डॉन और ड्रग तस्कर उषा छजगरिया के मकान को बुलडोजर से ढहा दिया. राजस्थान पुलिस हेडक्वार्टर के निर्देश पर ऑपरेशन व्रज प्रहार के तहत यह कार्रवाई की गई. श्रीगंगानगर एसपी परिस देशमुख ने बताया कि पुलिस के द्वारा आदतन अपराधी, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त और अन्य अपराधिक गतिविधियों में शामिल आपराधिक तत्वों का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है. साथ ही आपराधिक गतिविधियों से की गई काली कमाई और बनाई गई संपत्तियों का भी लेखा-जोखा पुलिस के द्वारा तैयार किया जा रहा है.
इसी क्रम में श्रीगंगानगर की जवाहर नगर थाने की महिला हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात ड्रग स्मगलर उषा छजगरिया के अवैध और आलीशान मकान को जमींदोज कर दिया गया. एसपी ने बताया कि उषा छजगरिया के खिलाफ एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट में भी तीन मामले हैं. इसके अलावा उसकी दो बेटियां और पति के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
काली कमाई से बनाया था आलीशान मकान
पुलिस के अनुसार, पिछले कई सालों से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त उषा छजगरिया ने अवैध काली कमाई से जमीन पर कब्जा कर आलीशान मकान बनाया था. जिसे प्रशासन ने खाली करने का नोटिस जारी किया था. प्रशासन के द्वारा मकान को जमींदोज करने से पहले ही मकान में रखे सामान को बाहर निकाल लिया गया था. इसके बाद प्रशासन ने बुलडोजर और जेसीबी की मदद से कुछ ही घंटों में मकान को जमींदोज कर दिया.
भारी पुलिस बल रहा तैनात
इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और विरोध की स्थिति का सामना करने के लिए भारी मात्रा में पुलिस जाब्ता तैनात रहा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर असामाजिक तत्वों को काबू किया जा सके. यही नहीं, आसपास के मकानों की छतों और घरों में भी पुलिस जाब्ता तैनात रहा. एसपी परिस देशमुख ने बताया कि आगे भी आपराधिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का दौर जारी रहेगा.
.
Tags: Bulldozer Baba, Rajasthan police, Sri ganganagar news
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 12:05 IST








