
शाश्वत सिंह/झांसी. झांसी नगर निगम में अब एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है. नगर निगम के अधिकारियों की सरकारी गाड़ियां बदलने जा रही हैं. अब नगर निगम के अधिकारी डीजल-पेट्रोल की गाड़ियों की जगह इलेक्ट्रिक गाड़ियों से चलेंगे. इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जल्द ही अधिकारी आपको इलेक्ट्रिक गाड़ी से दौरा करते हुए दिखाई देंगे. इसके लिए अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे.
झांसी नगर निगम और स्मार्ट सिटी द्वारा शहर में प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. शहरा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है. पर्यटकों के लिए झांसी और उसके आसपास घूमने के लिए इलेक्ट्रिक कार और हॉप ऑन, हॉप ऑफ बस सेवा भी शुरू की गई. इसके साथ ही सोलर पैनल और चार्जिंग प्वाइंट भी बनाए गए हैं. बदलते परिवेश और समय की मांग के साथ वैकल्पिक ऊर्जा पर झांसी नगर निगम और समाज के द्वारा जोड़ दिया जा रहा है. इसके साथ ही गाड़ियों की डीजल पर आनेवाले खर्च में भी कमी आएगी.
अपर नगर आयुक्त मोहम्मद कमर ने बताया कि 10 इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए टेंडर किया गया है. इन्हें किराए पर लिया जाएगा. इससे पर्यावरण को फायदा होगा. इसके साथ ही गाड़ियों में डीजल डलवाने पर जो खर्च आता था वह भी कम हो जाएगा. इससे पैसे की बचत होगी जिसका इस्तेमाल विकास कार्यों में किया जा सकेगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 11:40 IST








