
हाइलाइट्स
रिलायंस फाउंडेशन एक परोपरकारी संस्थान है.
यह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के अंतर्गत आता है.
इसकी संस्थापक व चेयरपर्सन नीता अंबानी हैं.
नई दिल्ली. ओडिशा के बालासोर में 2 जून को हुए ट्रेन एक्सीडेंट में 288 लोगों की मौत हो गई व करीब 1000 लोग घायल हो गए. पीड़ितों व पीड़ित परिवारों की मदद के लिए रिलायंस फाउंडेशन सामने आया है. संस्थान ने पीड़ितों व पीड़ित परिवारों के लिए 10 राहतों का ऐलान किया. इस संबंध में रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर एवं चेयरपर्सन नीता अंबानी ने कहा है, “ओडिशा ट्रेन हादसे में अपने प्रियजनों को गंवाने वाले परिवारों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं. जैसे ही हमें इस घटना के बारे में पता चला आपदा प्रबंधंन में विशेषज्ञ हमारी टीम वहां बचाव कार्य में मदद करने के लिए निकल गई. हमारी टीम अब भी वहां लगातार मदद मुहैया करा रही है.”
उन्होंने आगे कहा, “हम जो हुआ उसे तो बदल नहीं सकते लेकिन पीड़ित परिवारों की जिंदगी दोबारा से शुरू करने और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने में मदद को लेकर हम प्रतिबद्ध हैं. इस बात को ध्यान में रखते हुए हम इस घटना से प्रभावित लोगों के लिए 10 राहतों का ऐलान कर रहे हैं.”
क्या है राहतें?
- राहत व बचाव कार्य में लगी एम्बुलेंस के लिए जियो-बीपी नेटवर्क से मुफ्त फ्यूल दिया जाएगा.
- पीड़ित परिवारों को अगले 6 महीने के लिए रिलायंस स्टोर से मुफ्त राशन. इसमें आटा, चावल, तेल, दाल आदि खाद्य सामग्री शामिल हैं.
- घायलों को मुफ्त दवाएं और अगर जरूरत हुई तो फ्री इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा.
- मानसिक आघात से मुकाबले के लिए काउंसलिंग की सेवा.
- रिलायंस रिटेल और जियो के माध्यम से मृतक के परिवार में से किसी एक को जरूरत के हिसाब से नौकरी दी जाएगी.
- दुर्घटना में अपंग होने वाले लोगों को मदद मुहैया कराई जाएगी. इसमें व्हील चेयर और कृत्रिम अंग शामिल है.
- हादसे से प्रभावित लोगों को रोजगार के नए अवसर तलाशने के लिए स्किल ट्रेनिंग दी जाएगी.
- जिन महिलाओं ने अपने घर का इकलौता आय का स्रोत खोया है उन्हें ट्रेनिंग और लघु ऋण की पेशकश की जाएगी.
- ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावित लोगों को वैकल्पिक आय के स्रोत के लिए गाय, भैंस, बकरी व पॉल्ट्री आदि दी जाएंगी.
- दुर्घटना में जान गंवाने वाले शख्स के परिवार के एक सदस्य को साल भर के लिए फ्री मोबाइल कनेक्टिविटी दी जाएगी ताकि वह अपनी आजिविका का साधन फिर से बना सके.
दुर्घटनास्थल पर मदद
रिलायंस फाउंडेशन ने बताया है कि संस्थान ने घटनास्थल पर स्थानीय वॉलिंटियर्स की मदद से 1200 लोगों के लिए खाना तैयार किया. राहत कार्य में लगे लोगों को खाना मुहैया कराया गया. साथ ही अपने प्रियजनों को तलाशने पहुंचे परिवारों को भी भोजन दिया गया. रिलायंस फाउंडेशन की स्पेशलिस्ट डिजास्टर मैनेजमेंट टीम ने स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ के साथ मिलकर वहां राहत मुहैया कराने का काम किया. लोगों को कोच से बाहर निकालने व उन्होंने तुरंत आपातकालीन वाहन तक पहुंचाने में मदद की गई. मास्क, ग्लव्स, ओआएरएस, बेडशीट व लाइटिंग आदि मुहैया कराई गई.
क्या है रिलायंस फाउंडेशन
रिलायंस फाउंडेशन एक परोपकारी संस्थान है जो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का हिस्सा है. इसकी संस्थापक व चेयरपर्सन नीता अंबानी हैं. यह संस्थान ग्रामीण इलाकों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्पोर्ट्स, महिला सशक्तिकरण, आपदा प्रबंधन व सभ्यता एवं विरासत समेत विभिन्न क्षेत्रों में परोपकारी काम कर रहा है. संस्थान ने अपने काम के जरिए 54200 गावों और कुछ शहरी इलाकों में 6.95 करोड़ लोगों तक अपनी पहुंच बनाई है.
(डिस्क्लेमर- नेटवर्क18 और टीवी18 कंपनियां चैनल/वेबसाइट का संचालन करती हैं, जिनका नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसमें रिलायंस इंडस्ट्रीज एकमात्र लाभार्थी है.)
.
Tags: Business news in hindi, Nita Ambani, Reliance, Reliance Foundation, Train accident
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 09:20 IST








