
अभिषेक माथुर/हापुड़. यूपी रोडवेज बस में सफर करना किसी खतरे से कम नहीं है. कबाड़ हो चुकी रोडवेज बसें सड़कों पर दौड़ रहीं हैं. हालांकि, विभाग द्वारा करीब 12 नई बसों को रोडवेज के बेड़े में शामिल किया गया है, लेकिन अभी वह सड़कों पर नहीं उतरी हैं.
हापुड़ में रोडवेज की करीब 101 बसें लखनऊ, हल्द्वानी, बरेली, नोएडा, दिल्ली, किठौर, मोदीनगर सहित विभिन्न रूटों पर चल रही हैं. पिछले एक माह में आठ बसें अपनी समय सीमा पूर्ण होने के कारण कबाड़ घोषित हो चुकी हैं. रोडवेज के अधिकारियों की मानें तो करीब 101 बसों में से 32 बसें जनवरी से लेकर दिसंबर 2023 तक कबाड़ घोषित हो जाएंगी. ऐसे में नई बसों के लिए उच्चाधिकारियों को चिट्ठी भेज दी गई है.
खतरे से खाली नहीं इन बसों का सफर
हापुड़ में यात्रियों को कबाड़ हो चुकी रोडवेज बसों में ही सफर करना पड़ रहा है. रोडवेज बसें इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि अधिकांश बसों की बॉडी भी गल चुकी है. जानकारों की मानें तो इन बसों को सवारियां ढ़ोने के लिए नहीं लगाना चाहिए. इन बसों के संचालन से अगर भविष्य में कभी भी हादसा होता है, तो जानमाल का काफी नुकसान होगा. कबाड़ हो चुकी बसों का इंजन ज्यादा चलने की वजह से गर्म पड़ जाता है. ऐसे में बसों में आग लगने की संभावना ज्यादा रहती है. इसलिए अफसरों को गर्मियों में इन बसों के संचालन पर रोक लगानी चाहिए.
बसें न होने से यात्रियों को हो रही परेशानी
रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्रियों को इन दिनों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उसकी बड़ी वजह यह भी है कि कबाड़ हो रहीं बसों को रोडवेज के वर्कशॉप में तो खड़ा किया जा रहा है, लेकिन उनके स्थान पर अभी नई बसों को नहीं उतारा गया है. ऐसे में यात्रियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए दूसरे डिपो की रोडवेज बसों का इंतजार करना पड़ता है.
12 नई बसें हुईं रोडवेज के बेडे़ में शामिल
हापुड़ डिपो के बेड़े में रोडवेज की नई 12 बसें हाल-फिलहाल में शामिल हुई हैं. लेकिन इन नई बसों को अभी तक सड़क पर नहीं उतारा गया है. बसें अभी रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी हुई हैं. रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप कुमार नायक का कहना है कि 11 बसों का उद्घाटन जल्द ही होने वाला है. जनप्रतिनिधियों से उद्घाटन के लिए समय लिया जा रहा है. रोडवेज की नई बसों का उद्घाटन निकाय चुनाव की आचार संहिता के चलते नहीं हुआ. जल्द ही रोडवेज की बसें सड़कों पर दौड़ती हुई दिखाई देंगी.
.
Tags: Hapur News, Up news in hindi, UP Roadways
FIRST PUBLISHED : June 06, 2023, 00:16 IST








