
कोलकाता. टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी (TMC Leader Abhishek Banerjee) की पत्नी रूजीरा बनर्जी को इमिग्रेशन डिपार्टमेंट ने कोलकाता एयरपोर्ट (Kolkata Airport) पर रोका और उनसे कहा गया कि वह विदेश नहीं जा सकतीं. उन्हें आज सम्मन जारी कर 8 जून को ईडी (Enforcement Directorate-ED) के सामने पेश होने के लिए कहा गया है. मीडिया की रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अभिषेक बनर्जी की पत्नी कोलकाता एयरपोर्ट पर दुबई की फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंची थीं. मगर उनको फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया.
टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी अपने बच्चों के साथ कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुबई की फ्लाइट पकड़ने के लिए पहुंची थीं. मगर इमिग्रेशन विभाग ने उनको हवाई अड्डे पर रोक लिया. उन्हें दुबई जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया. मीडिया की रिपोर्टों में कहा गया है कि प्रवर्तन निदेशालय के उनके खिलाफ सम्मन जारी किए जाने के बाद उन्हें फ्लाइट पर चढ़ने से रोका गया. इमिग्रेशन विभाग के अधिकारियों से थोड़ी बातचीत के बाद वह एयरपोर्ट से निकल गईं.
रुजिरा बनर्जी के वकील ने कहा कि टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी ने ईडी को 5 जून से 13 जून तक अपने बच्चों के साथ दुबई की आगामी यात्रा के बारे में ईमेल के जरिये सूचना दी थी. ईडी की ओर से इस तरह के दौरे पर आपत्ति जताने के लिए कोई प्रतिक्रिया या संचार नहीं किया गया था, जो सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के मद्देनजर नहीं हो सकता था. आज सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का घोर उल्लंघन करते हुए, उन्हें उनके नाबालिग बच्चों के साथ विदेश जाने से रोक दिया गया और बताया गया कि वह विदेश यात्रा नहीं कर सकती हैं. उन्हें 8 जून को कोलकाता में ईडी कार्यालय में पेश होने के निर्देश देने वाले सम्मन की एक कॉपी भी सौंपी गई. हम अदालत जाएंगे क्योंकि यह सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है.
.
Tags: Abhishek Banerjee, TMC
FIRST PUBLISHED : June 05, 2023, 14:40 IST








