
शाश्वत सिंह/झांसी. झांसी स्मार्ट सिटी द्वारा शहर को सुंदर और आकर्षक बनाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. इस संबंध में नगर निगम विभिन्न एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है. स्मार्ट सिटी और लोक निर्माण विभाग द्वारा झांसी के एलाइट चौराहा का विस्तार करने के लिए एक प्लान बनाया गया था. इस प्लान को जमीन पर उतारने से पहले दोनों विभाग द्वारा एक प्रयोग किया गया था. इस प्रयोग के तहत एलाइट चौराहा की रेडलाइट बंद कर दी गई थी. चौराहा को 18 मीटर से बढ़ाकर 24 मीटर कर दिया गया था.
10 दिन के ट्रायल के बाद नतीजे काफी सकारात्मक आए हैं. रेड लाइट बंद कर देने की वजह से जनता काफी खुश है. भीषण गर्मी और धूप में उन्हें रेड लाइट पर खड़ा नहीं रहना पड़ता है. लोग बिना रुके आगे बढ़ जाते हैं. इन 10 दिनों में कोई बड़ा हादसा भी नहीं हुआ है. इसके साथ ही एलाइट चौराहे के आस पास का वातावरण भी स्वच्छ हो गया है. जनता की तरफ से काफी अच्छा फीडबैक नगर निगम को मिला है.
अगले कुछ दिनों में लगेगी अंतिम मुहर
अब स्मार्ट सिटी और लोक निर्माण विभाग इस प्रयोग को परमानेंट करने की तैयारी की जा रही है. अगले कुछ दिनों में इस पर अंतिम मुहर लग जायेगी. झांसी के अपर नगर आयुक्त मोहम्मद कमर ने बताया कि अभी तक प्रयोग काफी सफल रहा है. अगले कुछ दिनों के लिए अभी प्रयोग जारी रहेगा. इसके बाद अंतिम फैसला ले लिया जाएगा. ट्रैफिक लाइट के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ट्रैफिक विभाग के साथ चर्चा करने के बाद इस पर अंतिम मुहर लगेगा.
.
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 21:12 IST








