
शाश्वत सिंह/झांसी. झांसी नगर निगम द्वारा शहर क्षेत्र में बेहतर कूड़ा प्रबंधन के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है. घर-घर से कूड़ा उठाने के साथ ही लोगों से यह भी कहा जा रहा है कि वह घर पर ही कूड़े को अलग-अलग डिब्बों में डालें. अब इस मुहिम से झांसी के सफाई कर्मचारियों को भी जोड़ा जा रहा है. माई लाइफ, स्वच्छ शहर नामक पहल के तहत कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे और उनसे कूड़ा प्रबंधन ठीक से करने का अनुरोध करेंगे.
लोगों से कहा जा रहा है की वह गीला और सूखा कूड़ा को अलग रखें. घर से निकलने वाली प्लास्टिक को रियूज, रिसाइकिल करें. इसके साथ ही प्लास्टिक के इस्तेमाल को रिड्यूस करने पर भी जोर दिया जा रहा है. सफाई कर्मचारियों द्वारा यह प्रण लिया गया है कि वह अपने क्षेत्र में आने वाले हर नागरिक से अनुरोध करेंगे कि वह गीला और सूखा कूड़ा अलग अलग रखें. अधिक से अधिक होम कम्पोस्टिंग करें. इसका तरीका भी सफाई कर्मचारी लोगों को उनके घर पर जाकर समझाएंगे.
स्वच्छता सेनानी हैं हमारे कर्मचारी
झांसी के नगर आयुक्त पुलकित गर्ग ने बताया कि झांसी शहर में रोजाना औसतन 320 टन कूड़ा निकलता है. इसका प्रबंधन एक बहुत बड़ा काम है. नगर निगम का यह प्रयास है कि लोग अपने घर पर भी कूड़ा प्रबंधन करना सीखें. हमारी सफाई कर्मचारी भी स्वच्छता सेनानी की तरह इस काम में जुटे हुए हैं. वह लोगों को जागरूक करने और जिम्मेदार बनाने का प्रयास कर रहे हैं. सबके प्रयासों से ही झांसी स्वच्छ शहर के रूप में विकसित होगी.








