
रिपोर्ट: अनुज गौतम
सागर. मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा इलाके में आबादी से सटे पठार पर एक पुराना बम मिलने से सनसनी फैल गई. डर की वजह से यहां काम कर रहे वन कर्मी काफी दूर पहुंच गए, उन्हें इसके फटने का डर लग रहा था, यह सेना का पुराना यूएक्सओ बम बताया जा रहा है, जो काफी शक्तिशाली होता है, बम निरोधक दस्ता ने काफी सुरक्षित और सावधानीपूर्वक जब इसको डिफ्यूज किया तो ना केवल पठारी वाला बल्कि आवादी से लगा इलाका थर्रा उठा, इसकी आवाज काफी दूर तक सुनाई दी.
मिली जानकारी के मुताबिक बण्डा थानांतर्गत दलपतपुर चौकी क्षेत्र के तहत आने वाले पात्री कोटा गांव से लगे पठार पर वनकर्मी काम कर रहे थे. इसी दौरान एक वनकर्मी की नजर झाड़ियों के बीच धातु के सिलेण्डरनुमा वस्तु पर पड़ी. जब वनकर्मी पास पहुंचे तो सेना के इस पुराने बम (यूएक्सओ) को देखकर घबरा गए. पठार पर रखे इस बम के फटने की आशंका से परेशान वनकर्मियों ने खबर बण्डा पुलिस को दी.
जिसके बाद पुलिस का बम डिस्पोजल स्कवॉड मौके पर पहुंचा. लेकिन अंधेरा हो जाने की वजह से बम वाले क्षेत्र को सुरक्षित कर ऑपरेशन टाल दिया गया. फिर बण्डा एसडीओपी शिखा सोनी, थाना प्रभारी आनंद राज मौके पर पहुंचे. बम डिस्पोजल स्कवॉड में शामिल तकनीकी एक्सपर्ट उग्रसेन प्रजापति, मनोज विश्वकर्मा और हेमंत त्रिपाठी ने मोर्चा संभाला. यूएक्सओ के आकार और उसकी क्षमता का आंकलन कर आबादी से दूर पठार पर गड्ढा खोदा गया, उसे सुरक्षित और सावधानीपूर्वक बम स्क्वायड दल ने ले जाकर उस गड्ढे में उतारा और बारूद लगाकर मिट्टी से दबा दिया. बाद में इसे सुरक्षित दूरी पर पहुंचकर धमाका किया गया.
तकनीकी एक्सपर्ट ने बताया सेना का यह यूएक्सओ मोर्टार से दागने वाले बम जैसा है. UXO करीब 12 इंच लंबा और 3 इंच गोलाई वाले वाला है, दलपतपुर चौकी प्रभारी एमएस धोनी ने बताया कि यह बम काफी सालों से जमीन में मिट्टी से दबा हुआ था जिसकी वज़ह से उसमें जंग लग गई थी, बारिश होने की वजह से मिट्टी में कटाव हुआ तो बम दिखाई देने लगा यह सेना का बम होने का अनुमान है.
.
Tags: Bomb Blast, Indian army, Mp news, MP Police, Sagar news
FIRST PUBLISHED : June 04, 2023, 08:55 IST








