
गोविंद कुमार/गोपालगंज. गोपालगंज में शनिवार को डायन का आरोप लगाकर एक महिला की हत्या की कोशिश की गई. महिला को बचाने पहुंचे बेटे को भी जख्मी कर दिया गया. यह वारदात बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बाजार की है. घायल मां-बेटे को इलाज के लिए गंभीर हालत में सदर अस्पताल के इमरजेंसी वॉर्ड में भर्ती कराया गया है. वारदात के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार हैं.
जख्मी महिला कांति देवी का आरोप है कि उसके बेटे नीरज कुमार की 24 जून 2021 को राजापट्टी कोठी के पास सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी. बेटे की मौत के सदमे से वह खोई-खोई सी रहने लगी. इधर, पड़ोसियों ने उस पर तंत्र-मंत्र कर बेटे को खुद मारने का आरोप लगाया और गांव में डायन बिसाही के रूप में उसे बदनाम करने लगे. शनिवार की सुबह महिला जब अपने घर में सो रही थी, तब पड़ोसियों ने लाठी-डंडा और धारदार हथियार से घर पर हमला बोल दिया. परिजनों का आरोप है कि महिला की हत्या की कोशिश की गई. इस दौरान मां की जान बचाने पहुंचे बेटे निरंजन कुमार दास को भी जख्मी कर दिया गया. बाद में महिला को मरा हुआ समझकर आरोपी फरार हो गए.
वारदात की सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की बात पुलिस कह रही है. हालांकि अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. पीड़ित परिवार फिलहाल दहशत में जीने को मजबूर है. मुख्यालय डीएसपी व प्रभारी एसडीपीओ ज्योति कुमारी ने पुलिस को मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं.








