
निखिल त्यागी/सहारनपुर: केंद्र सरकार की युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की योजना के अंतर्गत प्रत्येक जनपद में रोजगार मेला आयोजित किया जाता है. सहारनपुर में भी क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा महानगर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया है. 7 जून को आयोजित रोजगार मेले में का युवा लाभ उठा सकते हैं. विभाग द्वारा इस मेले के लिए सभी प्रक्रिया को पूरी कर लिया गया है.
सहारनपुर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा सहारनपुर में 7 जून को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. इसमें विभिन्न कम्पनियां प्रतिभाग करेंगी और युवाओं को रोजगार देंगी. सहायक निदेशक अरुण कुमार भारती ने बताया कि 10वीं, 12वीं, स्नातक, आईटीआई, डी फार्मा, बी फार्मा, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा इत्यादि पास इच्छुक अभ्यर्थी इस मेले में प्रतिभाग कर सकेंगे. अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष होना आवश्यक है.
ऐसे करें रोजगार मेले के लिये पंजीकरण
अरुण कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थियों को सेवायोजन पोर्टल www.sewayojan.up.nic.in तथा www.ncs.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य होगा. प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण करने के पश्चात अभ्यर्थी को पोर्टल से किसी कम्पनी का चयन कर रोजगार मेले के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा. आवेदन करने के पश्चात अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण स्लिप, यूजर आईडी व तथा पासवर्ड के साथ बायोडाटा की छायाप्रति अपने साथ लेकर मेले में आएं.
ऐसे करें आवेदन
सहायक निदेशक ने बताया कि पंजीकरण की प्रक्रिया में अभ्यर्थी स्वयं या जनसेवा केन्द्र या कम्प्यूटर सेन्टर पर जाकर भी अपना आवेदन करा सकते हैं. अभ्यर्थी को रोजगार मेले में कंपनी के लिए आवेदन करने के लिए सबसे पहले www.sewayojan.up.nic.in पर जाकर लॉगिन करना होगा. उसके बाद अभ्यर्थी अपनी यूजर आईडी व पासवर्ड के साथ विभाग की साइट पर रोजगार का चयन करें. प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थी को समस्त नौकरियों के लिए उपलब्ध विकल्प पर क्लिक करना होगा.
दो कंपनियों के लिए आवेदन कर सकेंगे
‘रोजगार मेला’ विकल्प पर जाकर ‘नौकरी’ व ‘जिला सहारनपुर’ चुनें और ‘कम्पनी खोजें’ विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद सहारनपुर में आने वाली कंपनियां आपकी आईडी पर नजर आएंगी. रिक्ति विवरण देखकर रोजगार के लिए आवेदन करें. अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी केवल किन्हीं दो कंपनियों के लिए आवेदन कर सकेंगे. कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए किसी भी कार्यदिवस में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में उपस्थित होकर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
.
Tags: Jobs news, Saharanpur news, Up news in hindi
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 21:27 IST








