
प्रदीप धनखड़/बहादुरगढ़. लाइनपार क्षेत्र के विकास नगर कॉलोनी निवासी युवक देवेंद्र ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. मरने से पहले देवेंद्र ने एक तीन पेज का सुसाइड नोट भी छोड़ा है. उसमें मृतक ने गन्नौर, जिला सोनीपत निवासी एक कथित पुलिसकर्मी पर उसे ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है.पुलिस ने मृतक देवेंद्र के पिता की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, लाइनपार क्षेत्र के विकास नगर के रहने वाले देवेंद्र का गन्नौर की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. देवेंद्र द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के अनुसार उसी युवती के साथ राजपाल उर्फ विनोद शर्मा नाम के पुलिसकर्मी के भी संबंध रहे हैं. सुसाइड नोट के मुताबिक, पुलिसकर्मी राजपाल लगातार देवेंद्र और उसकी प्रेमिका को ब्लैकमेल करता रहा. जिसके कारण देवेंद्र ने अपनी प्रेमिका के माध्यम से राजपाल को 6.80 लाख रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद राजपाल लगातार और पैसे देने की मांग कर रहा था. सुसाइड नोट में देवेंद्र ने आत्महत्या की वजह राजपाल को बताया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पिता के बयान पर दर्ज हुआ मुकदमा
फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट और मृतक के पिता राजेंद्र के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. सुसाइड नोट भी पुलिस को दिया गया है. पुलिस ने देवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. सुसाइड नोट में राजपाल को पुलिसकर्मी बताया गया है.
राजपाल की तलाश जारी
सुसाइड नोट को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा. सुसाइड नोट के आधार पर राजपाल नाम के व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी गई है.अभी पुलिस के पास राजपाल के संबंध में पुख्ता जानकारी नहीं है इसलिए जानकारी एकत्रित की जा रही है कि राजपाल असल में पुलिस कर्मचारी है भी या नहीं.
.
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 18:46 IST








