
नई दिल्ली: कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद बृजभूषण शरण सिंह इन दिनों 7 महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए यौन शोषण के आरोपों को लेकर सुर्खियों में हैं. उनका विवादों से चोली-दामन का साथ रहा है. द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक आज से 19 वर्ष पहले बृजभूषण शरण सिंह के बेटे शक्ति सिंह ने आत्महत्या कर ली थी. उसने 17 जून, 2004 की सुबह गोंडा जिले के नवाबगंज इलाके में अपने पिता के पैतृक घर में खुद को गोली मार ली थी. वह लखनऊ के बाबू बनारसी दास इंजीनियरिंग कॉलेज का छात्र था. उसने एक सुसाइड नोट में अपने पिता को इस कृत्य के लिए दोषी ठहराया था.
बृजभूषण ने अपने 22 वर्षीय बेटे शक्ति सिंह के कमरे से गोली चलने की आवाज सुनी और कमरे में पहुंचे तो शक्ति को मृत पाया. उसने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के लिए अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल का प्रयोग किया था. तब द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में शक्ति सिंह का सुसाइड नोट प्रकाशित हुआ था, जिसमें लिखा था, ‘आप अच्छे पिता सबित नहीं हो सके. आपने हम भाई-बहनों की सुख सुविधा का कोई ख्याल नहीं रखा, आपने हमेशा अपने बारे में ही सोचा और हमारी कोई चिंता नहीं की. अब तो बहन भी बड़ी हो राही है, लेकिन हम लोगों को अपना भविष्य अंधकार में ही दिख रहा है. इस लिए अब जीने का कोई औचित्य नहीं है.’
उस समय बृजभूषण बलरामपुर से भाजपा के सांसद थे. उन्होंने 1988 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा था और तबसे 6 बार सांसद रह चुके हैं. बाबरी विध्वंस केस के 40 आरोपियों में एक नाम बृजभूषण का भी था. इस केस में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, राम विलास वेदांती, विनय कटियार, उमा भारती जैसे नेता आरोपी थे. इस केस में 30 सितंबर 2020 को स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने अपना फैसला सुनाया था और सभी आरोपियों को बाइज्जत बरी कर दिया था. उनके अन्य दो बेटे प्रतीक भूषण सिंह और करण भूषण सिंह हैं. प्रतीक गोंडा सदर सीट से लगातार दो बार के विधायक हैं. करण 2018 में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए थे.
बृजभूषण शरण सिंह जब 1996 में टाडा के तहत तिहाड़ जेल में बंद थे, तो उनकी पत्नी केतकी सिंह ने गोंडा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था और कांग्रेस उम्मीदवार आनंद सिंह को 80000 वोटों से हराया था. वर्तमान में वह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष भी हैं. देश के शीर्ष पहलवानों, जिनमें बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक प्रमुख है, उन्होंने डब्ल्यूएफआई चीफ के खिलाफ मोर्चा खोला है और उन पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. इस सिलसिले में दिल्ली पुलिस ने 1 नाबालिग सहित 7 महिला पहलवानों की शिकायत के आधार पर बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 2 प्राथमिकियां भी दर्ज की हैं, जिसमें एक एफआईआर पॉक्सो एक्ट के तहत है. मामले की जांच चल रही है और पहलवान बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं.
.
Tags: BJP MP Brijbhushan Sharan Singh, Brij Bhushan Sharan Singh, Brij Bhushan Singh
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 12:39 IST








