
रिपोर्ट- गौरव सिंह
भोजपुर. बिहार के आरा में गुरुवार की देर रात बारात में आयोजित नाच प्रोग्राम में फरमाइशी गीत और नर्तकियों के साथ छेड़खानी को लेकर जमकर हुई मारपीट में दुल्हा समेत करीब आधा दर्जन बाराती बुरी तरह से जख्मी हो गए. इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया और घायल दुल्हा समेत पूरी बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई. घटना धोबहा ओपी के मानपुर गांव की है. जहां मारपीट में बुरी तरह जख्मी दुल्हे और घायल हुए करीब आधा दर्जन बारातियों का इलाज आरा सदर में कराया जा रहा है. घटना जिले के धोबहां ओपी अन्तर्गत मानपुर गांव की है.
इस वजह से शुरू हुई मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार धोबहां ओपी के मानपुर गांव में स्वर्गीय शंभू ठाकुर की पुत्री की कोईलवर थाना क्षेत्र के भोपतपुर गांव निवासी स्वर्गीय ललन ठाकुर के पुत्र ज्योतिष ठाकुर की बारात आई थी. बारात में द्वारा पूजा और जयमाला का कार्यक्रम काफी धूमधाम से संपन्न हुआ. इसके बाद दुल्हे पक्ष के लोग गुरहथी की रस्म के लिए दुल्हन के आंगन में पहुंचे. तभी शामियाने में आयोजित प्रोग्राम देखने आएं स्थानीय ग्रामीण फरमाइशी गीत और नर्तकियों के साथ छेड़खानी करने लगे. जिसका विरोध वहां मौजूद दुल्हा और कुछ बाराती करने लगे. जिसके बाद दोनों पक्ष आपस में भीड़ गए और मारपीट शुरू हो गई. मारपीट के दौरान दुल्हा समेत आधा दर्जन बाराती बुरी तरह से जख्मी हो गए.
बिना शादी वापस लौटी बारात
इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया और आनन फानन में घायल दुल्हा और जख्मी हुए बारातियों को तत्काल इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं बिना शादी के रस्म अदा किए ही पूरी बारात दुल्हन के दरवाजे से लौट गई. इस मारपीट की घटना में दुल्हा ज्योतिष ठाकुर उनके तीन भगीना नीरज कुमार, अजीत कुमार और श्री भगवान के साथ दुल्हा के बड़े भाई दिलीप ठाकुर और उनके बंगाल से आएं एक दोस्त बब्लू कुमार बुरी तरह से घायल हो गए हैं. जिनका इलाज फिलहाल आरा सदर अस्पताल में चिकित्सक की देखरेख में चल रहा है.
बहुत मान मनौव्वल के बाद मंदिर में हुई शादी
बहरहाल इस घटना के बाद वर पक्ष के लोगों में जहां काफी आक्रोश देखा जा रहा है. वहीं लड़की पक्ष के द्वारा लड़का पक्ष का मनावन किया गया और तब जाकर आरा सदर अस्पताल के पास मौजूद बुढ़िया माई के मंदिर में विवाह कराया गया. हिन्दू रीति रिवाज के अनुसार जल्दबाजी में दोनों परिवार के सहमति से शादी कराई गई.
.
Tags: ARA news, Bhojpur news, Bihar News, Bihar police, Marriage news, Wedding Function
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 11:27 IST








