
अनुज गौतम/सागर. मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बाद एक बार फिर गर्मी का दौर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने जून के पहले हफ्ते के एक-दो दिन छोड़ कर पूरे महीने मध्य प्रदेश के सागर में भीषण गर्मी होने का अनुमान जताया है. इस महीने में स्कूल सत्र शुरू होने, शादी-विवाह होने के चलते लोग ज्यादा खरीदारी करने के लिए निकलेंगे. ऐसे में लोगों को गर्मी और लू से बचना चाहिए. खास कर के गर्भवती महिलाओं को घर से कम बाहर निकलना चाहिए. गर्मी के दिनों में धूप में बाहर निकलने पर महिलाओं या गर्भवती महिलाओं को किस प्रकार की परेशानी हो सकती है या उन्हें किस तरह की सावधानी रखनी चाहिए इसको लेकर स्त्री रोग विशेषज्ञ और सागर जिला अस्पताल की सिविल सर्जन डॉ. ज्योति चौहान ने सलाह दी है.
डॉ. ज्योति चौहान ने इससे होने वाले नुकसान और बचाव के तरीके बताए हैं. उन्होंने कहा हो सके तो दोपहर को जब तेज गर्मी होती है तो गर्भवती महिलाएं घर से बाहर ना निकलें. अगर निकलना बहुत आवश्यक हो तो सिर को ढंक कर निकलें. जितनी ज्यादा तेज गर्मी में आप बाहर निकलेंगे डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाएगा. अगर आपको घर से बाहर निकलना ही पड़ रहा है तो पीने का पानी साथ लेकर चलें. बाहर के खान-पान को अवॉइड करें. अगर आपने खुले से खाने-पीने का सामान लिया है तो संक्रमण हो सकता है.
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि हम किसी गन्ने की दुकान की जूस पीने के लिए खड़े हैं और वहां मक्खियां लग रही है. गला सूखने पर प्यास बुझाने के लिए यदि वो गन्ने का रस पी लिया. आम तौर पर इसमें डाला जाने वाला बर्फ अच्छे पानी का नहीं होता. ऐसे में गर्भवती महिलाओं को दस्त शुरू हो सकता है. उनके शरीर से पानी और कम हो जाएगा. इससे उन्हें डिहाइड्रेशन हो सकता है. बेहोशी की हालत हो सकती है. पानी चढ़ाने (स्लाइन) की नौबत भी आ सकती है.
जिला अस्पताल की सिविल सर्जन ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को बहुत ध्यान रखना चाहिए. गर्मियों में कम से कम रोजना 3 से 5 लीटर पानी अवश्य पियें. यदि डिहाइड्रेशन वॉमेंटिंग, डायरिया ना हो, एक और बीमारी होती है जिसे हम ठनका पड़ना कहते हैं. इसमें बार-बार पेशाब लगता है. पेशाब में जलन होने लगेगी. बाद में ठंड देकर बुखार की नौबत आ सकती है. इससे बचने का उपाय यही है कि अपने साथ पानी साथ लेकर चलें. समय-समय पर पेय पदार्थ लेते रहें. घर का ही पेय पदार्थ लें. बाहर का खाना ना खाएं. सिर को ढंक कर ही धूप में निकलें.
.
Tags: Dehydration, Health News, Heat Wave, Mp news, Sagar news
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 09:28 IST








