
रहमान/बस्ती. उत्तर प्रदेश के बस्ती मंडल के सिद्धार्थनगर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में डॉक्टर का पेड़ से लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया है. घटना पथरा थाना क्षेत्र के जरीवाल बनगवां गांव की है. स्थानीय लोगों ने शव को देखने के बाद पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक की पहचान अनिल कुमार चौबे के रूप में हुई है. मृतक के भाई सचिन चौबे ने बताया कि उसका भाई पेशे से डॉक्टर था. कुछ लोगों ने बताया कि दो-तीन लोग क्लीनिक पर आए थे और अनिल को गाड़ी में बिठा कर अपने साथ ले गए थे. जब देर रात तक वो घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई. सुबह उनको फोन आया कि उनके भाई अनिकल कुमार चौबे का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला है. जब लाश को नीचे उतारा गया तो उसके हाथ और शरीर पर चोट के निशान थे. उनके गले में सरिया घुसाने का निशान था. ऐसा लग रहा था कि उनको टॉर्चर कर के मारा गया है.
सचिन ने यह भी बताया कि उसके भाई की पचमोहनी में पहली शादी हुई थी. वो लोग रोज फोन कर टॉर्चर करते थे और धमकी देते थे. भाई की जहां शादी हुई थी, वहां पर कुछ केस हुआ था. समझौते में उन लोगों ने 18 लाख रुपये लिए थे. उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह से शव फंदे से लटका हुआ मिला है, उसे देखते कर मेरे भाई की हत्या कर उसे पेड़ से लटकाया गया है.
पूरे मामले को लेकर सीओ बांसी जयराम का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली कि बनगवां गांव के बगीचे मे एक लाश मिली है. जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की तरफ से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा. उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
.
FIRST PUBLISHED : June 03, 2023, 08:59 IST








