
कोट्टयम (केरल). केरल में कोट्टयम जिले के एक छोटे से गांव में रह रहे लोग उस समय चिंतित हो गए, जब उन्हें जमीन से नीचे से रहस्यमयी आवाजें सुनाई दीं. कोट्टयम के चेनाप्पडी गांव के लोगों ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को तड़के दो बार बहुत तेज आवाजें सुनाई दीं. उन्होंने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में भी गांव और इसके आस-पास इसी प्रकार की आवाजें सुनाई दी थीं. ग्रामीणों ने बताया कि आस-पास के वातावरण में कोई बदलाव नजर नहीं आता और केवल वैज्ञानिक अध्ययन से ही पता चल सकता है कि भूमि के नीचे से इस तरह की आवाजें आने का कारण क्या है.
केरल खनन एवं भूविज्ञान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उनका विशेषज्ञ दल जल्द ही इलाके का निरीक्षण करेगा. विभाग के एक सूत्र ने कहा कि जब इस सप्ताह की शुरुआत में आवाजें सुनाई दी थीं, उन्होंने तब इलाके का मुआयना किया था. सूत्र ने ‘पीटीआई-भाषा को बताया, ‘आज फिर से इस प्रकार की जोरदार आवाज सुनाई देने की खबरों के आधार पर हमारे विशेषज्ञ पुन: जगह का निरीक्षण करेंगे.’
ये भी पढ़ें- चीन में ताबड़तोड़ गिराई जा रहीं मस्जिदों की मीनारें, मुस्लिमों पर ड्रैगन का अत्याचार, बवाल की क्या है वजह?
उसने साथ ही कहा कि जमीन की सतह के नीचे से बार-बार इस तरह की आवाज आने का असल कारण तभी पता चल सकता है, जब पृथ्वी विज्ञान केंद्र (सीईएस) इसे लेकर विस्तृत वैज्ञानिक अध्ययन करे. सूत्र ने कहा, ‘इस प्रकार की गतिविधि का विश्लेषण करने के संबंध में हमारी अपनी सीमाएं हैं, इसलिए हमने इलाके का मुआयना करने और अध्ययन करने के लिए सीईएस से अनुरोध किया है.’ उसने कहा कि भूविज्ञान विभाग के विशेषज्ञ फिर से क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और इस संबंधी विवरण का विश्लेषण करने का प्रयास करेंगे.
.
Tags: Kerala, Kerala News
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 18:10 IST








