
हाइलाइट्स
खालिस्तान समर्थक संगठन खालसा ने 6 जून को अमृतसर बंद का आह्वान किया
CRPF की एक विशेष शाखा, RAF की दो कंपनियां पहले ही अमृतसर पहुंच चुकी हैं.
अमृतसर शहर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस की 60 चौकियां स्थापित की जाएंगी.
एस. सिंह
चंडीगढ़. खालिस्तान (Khalistan) समर्थक संगठन खालसा ने ऑपरेशन ब्लू स्टार (Operation Blue Star Anniversary) की 39वीं बरसी पर 6 जून को अमृतसर बंद का आह्वान किया है. यह संगठन 5 जून की शाम को मार्च भी निकालेगा. अमृतसर बंद के दौरान सरकार ने कानून और व्यवस्था (Law and Order) बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों (Paramilitary Forces) की दो कंपनियों और पंजाब पुलिस के 5,000 पुलिसकर्मियों को अमृतसर में तैनात करने का निर्णय लिया है.
इस साल मार्च में खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह और उनके वारिस पंजाब दे संगठन के सदस्यों के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई के बाद स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार की यह पहली बरसी होगी. अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि दंगा और भीड़ नियंत्रण स्थितियों से निपटने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक विशेष शाखा, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की दो कंपनियां पहले ही अमृतसर पहुंच चुकी हैं. प्रत्येक कंपनी में 80 जवान होते हैं.
ये भी पढ़ें- ऑपरेशन ब्लू स्टार की 33वीं बरसी, पढ़ें-कैसे ऑपरेशन को दिया गया था अंजाम
इसके अलावा पंजाब पुलिस की दंगा रोधी विंग की दो कंपनियां और विशेष कमांडो शहर में तैनात किए जाएंगे. पड़ोसी जिलों के पुलिसकर्मियों सहित कुल 5,000 पुलिसकर्मी गुरु नगरी अमृतसर की रक्षा करेंगे. प्रवक्ता ने कहा कि ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर सुरक्षा व्यवस्था के बेहतर प्रबंधन के लिए तरनतारन, गुरदासपुर और पठानकोट के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को भी बुलाया जा सकता है.
बीते गुरुवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-लॉ एंड ऑर्डर) परमिंदर सिंह भंडाल के नेतृत्व में अमृतसर पुलिस की विभिन्न टीमों ने शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी किया है. फ्लैग मार्च हैरिटेज स्ट्रीट पर भी आयोजित किया गया, जहां पिछले महीने एक के बाद एक कम तीव्रता के 3 विस्फोट हुए थे.
प्रवक्ता ने कहा कि शहर भर में 60 चौकियां स्थापित की जाएंगी. पुलिस ने लोगों से संदिग्ध तत्वों की जानकारी साझा करने की अपील भी की है. यहां उल्लेखनीय यह है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी स्वर्ण मंदिर परिसर में सिखों की सर्वोच्च संस्था अकाल तख्त में मनाई जाएगी. अखंड पाठ (गुरु ग्रंथ साहिब का निर्बाध पाठ) 4 जून से शुरू होगा और अकाल तख्त के जत्थेदार इस अवसर पर कौम को संदेश देंगे.
.
Tags: Amritsar, Amritsar news, Khalistani, Punjab Police
FIRST PUBLISHED : June 02, 2023, 10:09 IST









